Vikas Dubey : दो गुर्गे महाराष्ट्र में गिरफ्तार

Kanpur Encounter : एक आरोपी गैंगस्‍टर विकास दुबे के साथ बहुत से आपराधिक मामलों में रहा शामिल

Publish: Jul 12, 2020, 04:40 AM IST

कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए और आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे के दो और सहयोगियों को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से एक का नाम अरविंद उर्फ गुड्डन त्रिवेदी और दूसरा उसका ड्राइवर सोनू त्रिवेदी है। विकास दुबे के दो साथियों शशिकांत पांडे और शिवम दुबे को ग्‍वालियर में शरण देने वाले दो लोगों को कानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गुड्डन त्रिवेदी दो जुलाई की रात को बिकरू गांव में पुलिस दल पर घात लगाकर किए गए हमले में शामिल था। यह भी पता चला है कि गुड्डन, विकास दुबे के साथ बहुत से आपराधिक मामलों में शामिल था। इन मामलों में 2001 में शिवली थाने में घुसकर की गई राज्यमंत्री संतोष शुक्ला की हत्या भी शामिल है।

इससे पहले सुबह कानपुर पुलिस ने विकास दुबे को दो गुर्गों शशिकांत पांडेय और शिवम दुबे को शरण देने के आरोप में ग्वालियर से ओमप्रकाश पांडेय और अनिल पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों को पुलिस ने सात जुलाई को हिरासत में लिया था। इन दोनों को ग्वालियर के गोला का मंदिर और सागर ताल से इलाके से गिरफ्तार किया गया।

कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र के बिकरू गांव में दो और तीन जुलाई की रात को तीन थानों की पुलिस विकास दुबे को पकड़ने के लिए दबिश देने के लिए गई थी। इस दौरान पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला हुआ जिसमें बिल्हौर के सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी मारे गए। बाद में पुलिस ने विकास दुबे और उसके पांच गुर्गों को कथित एनकांउटर में मार डाला। इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है।