रोहिंग्या कैम्पों पर योगी सरकार ने चलाया बुलडोज़र, खाली कराई दो हेक्टेयर से ज़्यादा की ज़मीन

यह कार्रवाई दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में की गई है, इस इलाके में रोहिंग्या शरणार्थी रह रहे थे, योगी सरकार के सिंचाई विभाग ने मदनपुर खादर में रोहिंग्याओं का अतिक्रमण हटाने के इरादे से कार्रवाई की, दिल्ली के कई इलाकों में उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग की भूमि है

Publish: Jul 22, 2021, 10:02 AM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रोहिंग्या शरणार्थियों के कैम्पों पर योगी सरकार का बुलडोज़र चला है। उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग ने दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस इलाके से दो हेक्टेयर की अधिक भूमि को खाली कराया गया है। अनुमान के मुताबिक इस ज़मीन की कीमत 150 करोड़ से अधिक है। 

दावा है कि जिस जगह पर जहाँ रोहिंग्या शरणार्थी रह रहे थे, वह ज़मीन उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग की है। दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में गुरूवार सुबह करीब 4 बजे ये कार्रवाई शुरू की गई। भूमि पर अपना आशियाना बना कर बसेरा कर रहे रोहिंग्या मुसलामानों के अस्थाई ठिकानों को नेस्तनाबूत कर दिया गया। हालांकि इसको लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है कि कार्रवाई वाली जगह पर रोहिंग्या शरणार्थी कितनी संख्या में रह रहे थे। 

इस पूरी कार्रवाई की जानकारी खुद योगी सरकार में जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने दी है। महेंद्र सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर कार्रवाई का वीडियो साझा करते हुए कहा है कि दिल्ली में फिर से चला योगी का बुल्डोजर,योगी सरकार की दिल्ली में बड़ी कार्यवाही,मदनपुर खादर में सुबह 4 बजे ही कार्यवाही कर सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे से रोहंगिया केम्पों को हटाया गया एवं अवैध कब्जे तोड़े गए। उ.प्र.सिंचाई विभाग की 2.10 हेक्टेयर जमीन मुक्त कराई।

दरअसल दिल्ली के कई इलाकों में ऐसी भूमि हैं, जो कि उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग के हिस्से आती हैं। मदनपुर खादर, ओखला, जसोला, खुरेजी ख़ास इत्यादि जगहों पर उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग की ज़मीन है। एक हिंदी वेब पोर्टल ने अपनी एक रिपोर्ट में इस बात का ज़िक्र किया है कि योगी सरकार आगे भी इस तरह की कार्रवाई को अंजाम दे सकती है।