हम टूट रही उम्मीदों को जोड़ने निकले हैं, भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बोले कन्हैया कुमार

तेलंगाना के गोलापल्ली जिले से पदयात्रा के 53वें दिन की हुई शुरूआत, युवा नेता कन्हैया कुमार ने बताया कि हम क्या जोड़ने निकले हैं।

Updated: Oct 30, 2022, 09:43 AM IST

गोलापल्ली। भारत जोड़ो यात्रा का आज 53वां दिन है। तेलंगाना के गोलापल्ली जिले से यह यात्रा गुजर रही है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि अब प्रतिदिन मीडिया के साथ एक-दो भारत यात्रियों को लाया जाएगा, जो अपना अनुभव शेयर करेंगे। इसी क्रम में आज युवा नेता कन्हैया कुमार मीडिया से बातचीत करते दिखे। इस दौरान कन्हैया ने बताया कि हम क्या जोड़ने निकले हैं।

प्रेस को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि, ' जब आप खुद से यह पूछेंगे कि क्या आपकी कोई ऐसी चीज़ है जो टूटी है? जब हम खुद से यह सवाल पूछेंगे तो हमें जवाब मिलना शुरू हो जाएगा कि हम आखिर क्या जोड़ने के लिए निकले हैं? इस देश का कोई भी नौजवान जिसके पास सारी डिग्रियां हैं, जब वह अपनी CV लेकर कहीं जाता है और नौकरी नहीं मिलती, तब उम्मीदें टूटती हैं। यह जो बेरोजगारी के कारण उम्मीदें टूट रही हैं, हम उसी उम्मीद को जोड़ने के लिए निकले हैं।'

कन्हैया ने आगे कहा कि, 'जब किसी इंसान के साथ उसकी पहचान के कारण, उसका तिलक या उसकी टोपी देखकर मारपीट की जाती है, तब आपका दिल टूटता है। हम उस टूटे हुए दिल को जोड़ने के लिए निकले हैं। हमारा देश भारत भौगोलिक तौर पर एक है, जुड़ा हुआ है। हम चाहते हैं कि वह भावनात्मक तौर पर भी एक हो, जुड़ा हुआ हो। हमारे देश को हमारे विचारों, पहचान, वेशभूषा या आर्थिक तौर पर बांटा न जा सके।'

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा की टीम पहुंची मध्य प्रदेश, राहुल गांधी के करीबी सहयोगी केबी बायजू कर रहे रूट का मुआयना

युवा नेता ने कहा कि, 'आज सिर्फ कांग्रेस ही सड़कों पर उतरकर एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभा रही है। यह गोडसे और गांधी की विचारात्मक लड़ाई है और इस देश ने हमेशा ही गांधी को चुना है। कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं से कहीं आगे बढ़कर देश की यात्रा बन चुकी है, करोड़ों देशवासियों की उम्मीदों की यात्रा बन चुकी है।'

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तेलंगाना लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हजारों लोग इस पदयात्रा से जुड़ रहे हैं। राहुल गांधी को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। क्या बच्चे, क्या नौजवान और क्या बुजुर्ग हर कोई पदयात्रा से जुड़ रहा है। लोग राहुल गांधी से मिल रहे हैं। पदयात्रा के बीच राहुल गांधी से जुड़ा एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसकी चारों तरफ चर्चा रही है।

दरअसल, रविवार को पदयात्रा में कुछ बच्चे भी शामिल हुए। वीडियो में राहुल गांधी बच्चों से बात करते दिखाई दे रहे हैं। राहुल गांधी बच्चों से कहते हैं, तैयार हो? बच्चे कहते हैं हां, फिर क्या था, राहुल गांधी दौड़ पड़ते हैं। राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल सभी लोग इस रेस में शामिल हो जाते हैं। वीडियो में राहुल गांधी के साथ उनके सुरक्षा कर्मी भी दौड़ते नजर आ रहे हैं।