ओडिशा और बंगाल में आंधी- बारिश शुरू, आज दोपहर तक यास तूफान के बढ़ने की आशंका

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में दिखने लगा यास का असर, ओडिशा बंगाल में एयरपोर्ट को किया गया बंद, दोनों राज्यों में जाने वाली ट्रेनें भी रद्द

Updated: May 26, 2021, 07:14 AM IST

नई दिल्ली। बंगाल और ओडिशा में मंगलवार देर रात से ही चक्रवाती तूफान यास का असर दिखने लगा है। बीती रात से ही पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो रही है। कई जगहों पर पेड़ों के गिरने की भी खबर है। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर और हल्दिया में समुद्र में तेज़ लहरों को उठते हुए देखा गया। 

यास तूफान आज दोपहर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटवर्ती इलाकों से टकराएगा। तूफान के करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से टकराने की संभावना है। तूफान के आने से पहले दोनों ही राज्यों में एहतियातन तैयारी की गई है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अलावा तूफान के अंडमान और निकोबार में भी तूफान का असर देखने को मिलेगा। 

तूफान को देखते हुए पश्चिम बंगाल और ओडिशा में हवाई अड्डों को भी बंद कर दिया गया है। कोलकाता के सुभाष चन्द्र बोस एयरपोर्ट और ओडिशा में राउरकेला, झारसुगुड़ा और भुवनेश्वर एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। ये सभी एयरपोर्ट चक्रवाती तूफान के असर रहने तक बंद रहेंगे। वहीं भारतीय रेल ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेनों को भी रद्द कर दिया है। 

तूफान से होने वाले नुकसान को देखते हुए दोनों राज्यों में लाखों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। बंगाल और ओडिशा में एनडीआरएफ की सौ से ज़्यादा टीमों को तैनात किया गया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद नियंत्रण कक्ष में मौजूद रहेंगी।