Digvijaya Singh : CM शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ शिकायत

MP Politics : सांसद राहुल गांधी की छवि बिगाड़ने के आरोप में सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी के खिलाफ शिकायत

Publish: Jun 18, 2020, 01:27 AM IST

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की छवि बिगाड़ने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी के खिलाफ शिकायत की। दिग्विजय सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 16 मई 2019 को राहुल गांधी का एक वीडियो ट्वीट किया था। यह वीडियो केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी ने भी ट्वीट किया था। इस एडिटेड वीडियो से राहुल गांधी की छवि बिगाड़ने की कोशिश की गई। दोनों नेताओं के साथ अन्‍य लोगों पर मामले दर्ज किए जाएं।  

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जयवर्द्धन सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता भी क्राइम ब्रांच थाने पहुंचे।

गौरतलब है कि भाजपा की शिकायत पर 15 जून को मध्य प्रदेश पुलिस ने पूर्व मुख्‍यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह सहित 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुराने वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप है। इस पर अपनी प्रतिक्रिया में दिग्विजय सिंह ने कहा है कि मैंने शिवराज सिंह चौहान के इलाके में आदिवासियों को ठगने का प्रकरण उठाया था, उसी से डरकर भाजपा ने मेरे ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया है। मैं मांग करता हूं कि चिटफंड कंपनी के खिलाफ दर्ज FIR की तत्काल जांच हो। fake video में जांच करानी ही है तो उसकी कराएं जिसने ये फर्जी वीडियो बनाया है।