MP : नरोत्तम मिश्रा से मिलने घर गए शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका है जब शिवराज सिंह चौहान अपने कैबिनेट के किसी साथी के घर गए हैं।

शुक्रवार की सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अचानक गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात करने उनके आवास पर जा पहुंचे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका है जब शिवराज सिंह चौहान अपने कैबिनेट के किसी साथी के घर गए हैं। मध्य प्रदेश में उप चुनाव होना है। 24 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में से 16 सीटें डॉ. नरोत्तम मिश्रा के क्षेत्र ग्वालियर चंबल में हैं। इसके अलावा 19 जून को राज्यसभा चुनाव भी होने हैं। डॉ. नरोत्तम मिश्रा पिछली भाजपा सरकारों में फ्लोर मैनेजमेंट के सूत्रधार रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उनसे मुलाकात को इन्हीं दोनों चुनावों से जोड़ कर देखा जा रहा है। संगठन में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा लिए जा रहे निर्णयों के बीच यह मुलाकात शक्ति संतुलन साधने की कवायद भी मानी जा रही है।