अंडर 19 के कप्तान रहे युवा क्रिकेटर अवि बरोट का निधन, इसी साल जड़ा था T20 में शानदार शतक

भारतीय अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान अवि बरोट का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है, बरोट की उम्र महज 29 साल थी, बरोट ने इसी साल 53 गेंदों पर जड़े थे 122 रन

Updated: Oct 16, 2021, 07:42 AM IST

Photo Courtesy: TV9
Photo Courtesy: TV9

नई दिल्ली। भारतीय अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान और युवा क्रिकेटर अवि बरोट का निधन हो गया। सौराष्ट्र के तूफानी बल्लेबाज बरोट का दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ। सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने इस बात की जानकारी दी है। बरोट की उम्र महज 29 साल थी। उन्होंने इसी साल T20 मैच में शानदार शतक जड़ा था। उनके असमय निधन से भारतीय क्रिकेट को काफी क्षति पहुंची है।

सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हम शानदार क्रिकेटर अवि बरोट के असामयिक और निधन से स्तब्ध हैं। उनका हृदय गति रुकने के कारण शुक्रवार 15 अक्टूबर 2021 की शाम को निधन हो गया। ये काफी दुख भरी खबर है। बरोट एक बेहतर टीममेट थे, जिनके पास कमाल की क्रिकेटिंग स्किल्स थी। हाल के दिनों में जितने भी घरेलू मैच खेले गए, उनमें बरोट का परफॉर्मेन्स कमाल का रहा था।

यह भी पढ़ें: चेन्नई चौथी बार बना चैंपियन, फाइनल में KKR को 27 रन से हराया, बतौर कप्तान यादगार रहा धोनी का 300वां मैच

बोराट ने इस साल जनवरी में खेले गए सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी सौराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने गोवा के खिलाफ मुकाबले में महज 53 गेंदों पर ही ताबड़तोड़ 122 रन जड़ दिए थे। इसमें 11 चौके और 7 छक्के शामिल रहे थे। इस मैच के बाद राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान हुई थी। अवि बरोट 2019-20 में भारतीय रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली सौराष्ट्र की विजेता टीम का हिस्सा रहे थे।

अवि बरोट राइट हैंड विकेटकीपर बैट्समैन थे। वे  गेंदबाजी भी कर लेते थे। उन्होंने अपने करियर में 38 फर्स्ट क्लास मैच, 38 लिस्ट ए मैच और 20 घरेलू T20 मैच खेले। उन्होंने फर्स्ट क्लास मैचों में 1547 रन जड़े थे, जबकि लिस्ट ए मुकाबलों में 1030 रन और घरेलू T20 में 717 रन बनाए थे। 2010-11 में गुजरात की ओर से खेलते हुए कूच बिहार ट्रॉफी में उन्होंने चार शतक और तीन अर्धशतक जड़ा था। इसके बीसीसीआई ने उन्हें अंडर 19 क्रिकेटर ऑफ द ईयर का भी अवॉर्ड मिला था। साल 2011 में ही वे अंडर 19 के कप्तान भी बनाए गए थे।