गुरिंदरवीर सिंह 100 मीटर में भारत के सबसे तेज धावक, 10.09 सेकेंड में जीते रेस

पंजाब के गुरिंदरवीर ने फाइनल में जीत हासिल की और 10.10 सेकंड से कम समय में दौड़ने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने अनिमेष से 0.11 सेकंड तेज दौड़ लगाई और फिनिश लाइन पर दो फीट आगे रहे।

Updated: May 24, 2026, 03:05 PM IST

गुरिंदरवीर सिंह ने राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के दूसरे दिन पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10.09 सेकंड में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने एशिया में इस सीजन का दूसरा सबसे तेज समय दर्ज किया और अपने प्रतिद्वंद्वी अनिमेष कुजूर को पीछे छोड़ दिया। इस प्रतियोगिता में गुरिंदरवीर और अनिमेष के बीच 100 मीटर की दौड़ में सबसे तेज भारतीय बनने की जंग हमेशा याद रखी जाएगी। 

ओडिशा के अनिमेष पिछले साल बनाए गए 10.18 सेकंड के रिकॉर्ड के साथ प्रबल दावेदार थे, लेकिन शुक्रवार को गुरिंदरवीर ने सेमीफाइनल हीट में इसे 10.17 सेकंड कर दिया। इसके पांच मिनट बाद अनिमेष ने दूसरे सेमीफाइनल हीट में 10.15 सेकंड का समय निकालकर अपना रिकॉर्ड वापस हासिल कर लिया। 

शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड कुछ ही मिनटों में दो बार टूटा। पंजाब के गुरिंदरवीर ने फाइनल में जीत हासिल की और 10.10 सेकंड से कम समय में दौड़ने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने अनिमेष से 0.11 सेकंड तेज दौड़ लगाई और फिनिश लाइन पर दो फीट आगे रहे। 

गुरिंदरवीर सिंह ने दो साल पहले एक इंटरव्यू में अपने संघर्ष के बारे में बताया था कि अगर उन्हें अच्छे जूतों की जरूरत होती या फिर फूड स्लीमेंट की तो कोच साहब उन्हें मुहैया कराते हैं। उन्होंने बताया था कि जब उनके पास कहीं जाने के पैसे नहीं होते थे तो उनके समुदाय के लोग उनकी मदद करते थे।

रिलायंस फाउंडेशन के प्रणव गुरव 10.29 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। गुरिंदरवीर ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा तय 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग समय 10.16 सेकंड को पार कर लिया। उनका 10.09 सेकंड का समय इस सीजन में एशिया में दूसरा सबसे तेज है, जो जापान के फुकुतो कोमुरो के 10.08 सेकंड के बाद है।