आ गई आईपीएल ऑक्शन की नई लिस्ट, अब 292 खिलाड़ियों की होगी नीलामी

नई लिस्ट के मुताबिक 292 खिलाड़ियों में से 164 खिलाड़ी भारतीय हैं जबकि 125 खिलाड़ी विदेशी हैं, तीन खिलाड़ी एसोसिएट देशों के खिलाड़ी हैं

Updated: Feb 12, 2021, 07:40 AM IST

Photo Courtesy: The Quint
Photo Courtesy: The Quint

नई दिल्ली/मुंबई। आईपीएल के मिनी ऑक्शन से पहले आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने नीलामी के लिए उपलब्ध खिलाड़ियों की नई सूची जारी कर दी है। नीलामी के लिए जारी की गई नई लिस्ट के मुताबिक 18 फरवरी को चेन्नई में लगने वाली बोली में कुल 292 खिलाड़ियों के नाम पर बोली लगेगी। 292 खिलाड़ियों में से भारत के कुल 164 खिलाड़ी उपलब्ध हैं। जबकि 125 विदेशी खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के तीन खिलाड़ी नीलामी के लिए उपलब्ध हैं। 

आईपीएल के मिनी ऑक्शन के लिए जारी की गई यह नई लिस्ट ही अंतिम है। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के मुताबिक मिनी ऑक्शन के लिए पहले 1114 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजी द्वारा खिलाड़ियों की सूची शॉर्टलिस्ट करने के बाद 292 खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट जारी की गई है।

10 खिलाड़ियों की बेस प्राइस 2 करोड़, लिस्ट में हरभजन और केदार जाधव शामिल 

मिनी ऑक्शन के लिए कुल 10 खिलाड़ियों ने अपनी बेस प्रिस दो करोड़ रुपए तय की है। इस सूची में दो भारतीय खिलाड़ी हैं जबकि आठ विदेशी खिलाड़ी हैं। यह ऑक्शन की सबसे बड़ी बेस प्राइस है। दो करोड़ की बेस प्राइस की इस लिस्ट में भारत से हरभजन सिंह और केदार जाधव शामिल हैं। दोनों ही खिलाड़ियों को चेन्नई सुपरकिंग्स ने रिलीज़ किया है। हरभजन और जाधव के अलावा इस लिस्ट में ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, शाकिब अल हसन, मोईन अली, सैम बिलिंग्स, लियाम प्लंकेट, जैसन रॉय और मार्क वुड का नाम शामिल है। 

इसके अलावा डेढ़ करोड़ की बेस प्राइस की लिस्ट में बारह खिलाड़ी शामिल हैं। इस सूची में शामिल सभी बारह खिलाड़ी विदेशी हैं। एक करोड़ की बेस प्राइस में कुल 11 खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्ज कराया है। जिसमें 9 खिलाड़ी विदेशी हैं। ऑस्ट्रेलिया टूर पर भारत के लिए सिडनी मैच बचाने वाले हनुमा विहारी और तेज़ गेंदबाज उमेश यादव ने अपनी बेस प्राइज एक करोड़ रुपए तय की है। 75 लाख की बेस प्राइस में शामिल सभी 15 खिलाड़ी विदेशी हैं। जबकि 50 लाख की बेस प्राइस में रजिस्ट्रेशन कराने वाले 65 खिलाड़ियों में से भारत के 13 खिलाड़ी हैं। 

कुल 61 स्लोटों के लिए होगी नीलामी 

आईपीएल के मिनी ऑक्शन के लिए भले ही 292 खिलाड़ी उपलब्ध हों, लेकिन इनमें से 61 खिलाड़ियों की ही बोली लग पाएगी। इसकी वजह यह है कि आईपीएल की सभी टीमों के पास कुल मिलाकर सिर्फ 61 स्लॉट ही खाली हैं। इनमें 22 जगहें विदेशी खिलाड़ियों और 39 जगहें भारतीय खिलाड़ियों के लिए खाली हैं। आईपीएल के नियमों के मुताबिक किसी भी फ्रेंचाइजी के पास 25 से ज़्यादा खिलाड़ी नहीं हो सकते। वहीं टीम में न्यूनतम खिलाड़ियों की संख्या 18 होती है। कोई भी फ्रेंचाइजी अपनी टीम में 8 से ज़्यादा विदेशी खिलाड़ियों को शामिल नहीं कर सकती।

सबसे ज़्यादा स्लॉट रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पास बचे हैं। रॉयल चैलेंजर्स के पास कुल 13 स्लॉट बचे हैं, जिसमें 4 विदेशी खिलाड़ियों का स्लॉट बचा हुआ है। इसके बाद किंग्स इलेवन पंजाब के पास 9 (5 विदेशी खिलाड़ी), राजस्थान रॉयल्स के पास 8 (3 विदेशी खिलाड़ी), मुंबई इंडियंस के पास 7 (4 विदेशी खिलाड़ी), चेन्नई के पास 7 (1 विदेशी खिलाड़ी), कोलकाता के पास 7(1 विदेशी खिलाड़ी), दिल्ली के पास 6(2 विदेशी खिलाड़ी), सनराइजर्स हैदराबाद के पास 3(1 विदेशी खिलाड़ी) खिलाड़ियों का स्लॉट बचा हुआ है।