Chhattisgarh फिर से रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बंटा

Coronavirus : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कैबिनेट का फैसला मास्क नहीं लगाने पर होगा 100 रुपए जुर्माना 

Publish: Jun 13, 2020, 08:28 AM IST

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने छत्तीसगढ के सभी विकासखंडों में कोविड-19 के एक्टिव केसों के मद्देनजर प्रकरणों के दुगने होने की दर और सेंपल जांच प्रति लाख जनसंख्या के आधार पर विकासखंडों को फिर से रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांट दिया है। नई संशोधित लिस्ट के आधार पर 19 जिलों के 67 विकासखंडों को रेड जोन में शामिल किया गया है। वहीं 23 जिलों के 50 विकासखंड ऑरेंज जोन में रखे गए हैं। इनके अलावा अन्य सभी विकासखंड ग्रीन जोन में शामिल हैं।

मास्क नहीं लगाने पर होगा 100 रुपए जुर्माना 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक ली। जिसमें वर्तमान व्यवस्था को जारी रखने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि लॉकडाउन समस्या का समाधान नहीं है। मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। लॉकडाउन नहीं बढ़ाया जाएगा, वहीं मास्क नहीं लगाने वालों से 100 रुपए जुर्माना लिया जाएगा। बैठक में प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम और बचाव के प्रयासों की समीक्षा, क्वारंटाइन सेन्टरों और आइसोलेशन केन्द्रों की व्यवस्थाओं के बारे में भी चर्चा हुई। बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश मे 3 लाख से अधिक प्रवासी श्रमिक अन्य प्रदेशों से वापस लौटे हैं। वहीं बस ट्रांसपोर्ट फिलहाल बंद रहेगा। राज्य और केन्द्र सरकार की एडवाइजरी के अनुसार जो गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं उन्हें रोका नहीं जाएगा।स्कूल खोलने का फैसला जुलाई में लिया जाएगा।

राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में भर्ती 5 मरीज हुए स्वस्थ

छत्तीसगढ़ में कोरोना के पांच और मरीज स्वस्थ होकर घर पहुंच गए हैं। राजनांदगांव के मेडिकल कॉलेज में भर्ती सभी मरीजों को डिस्चार्ज किया जाएगा।  पांचों मरीजों के स्वास्थ्य होने की पुष्टि सीएमएचओ ने की है।  आपको बता दें कि मेडिकल कॉलेज में तीन जिलों के 90 मरीज भर्ती हैं।