सलमान खान के पड़ोसी ने उनके फार्म हाउस में ग़लत गतिविधियों का किया दावा, अभिनेता ने दायर किया मुकदमा

सलमान खान पर उनके पनवेल स्थित फार्म हाउस के पास स्थित एक प्लॉट के मालिक केतन कक्कड़ ने कई आरोप लगाये थे, जिसके बाद बॉलीवुड अभिनेता ने बांद्रा कोर्ट में आरोप लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है, सलमान खान ने तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी इस मामले में पक्षकार बनाया है

Updated: Jan 21, 2022, 04:23 PM IST

Photo Courtesy : India Today
Photo Courtesy : India Today

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने मुंबई के एक सिविल कोर्ट में अपने पड़ोसी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है। सलमान खान के पड़ोसी ने एक यूट्यूब चैनल को दिये इंटरव्यू में अभिनेता पर सनसनीखेज़ आरोप लगाये थे। जिसके बाद सलमान खान ने इस पूरे मामले को कोर्ट में लड़ने का फैसला किया। उनके वकील ने कोर्ट को बताया है कि सलमान खान पर लगाये गये तमाम आरोप न सिर्फ बेबुनियाद हैं, बल्कि उसकी कल्पना की उपज हैं। सलमान खान ने इस पूरे मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी पक्षकार बनाया है। 

रायगढ़ ज़िले के पनवेल में सलमान खान का फार्म हाउस है। इसी फार्म हाउस के पास केतन कक्कड़ नामक एक व्यक्ति का भी प्लॉट है। केतन कक्कड़ ने हाल ही में सलमान पर कई सनसनीखेज़ आरोप लगाये थे। केतन कक्कड़ ने कहा था कि सलमान खान के फार्म हाउस में कई फिल्म स्टार्स के शवों को दफनाया गया है। इसके साथ ही उसने सलमान खान को डी कंपनी का मुख्य चेहरा बताया है। इतना ही नहीं केतन कक्कड़ ने सलमान खान पर बाल तस्करी में शामिल होने के आरोप भी लगाया है।

इन आरोपों से आहत सलमान खान ने कहा है कि उनके धर्म को एक संपत्ति विवाद में घसीटना गलत है। उनकी मां हिन्दू पिता मुस्लिम हैं। उनके भाइयों ने हिन्दू विवाह किया है। उनके घर में सभी धर्मों के त्योहार मनाए जाते हैं। इसलिए केतन को ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाने से बचना चाहिए। इन्हीं आरोपों के खिलाफ सलमान खान ने कोर्ट का रुख किया है।

सलमान के वकील प्रतीक गांधी ने भी सलमान पर लगाये गये आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया। उन्होंने कहा है कि यह एक संपत्ति विवाद है और इसे सलमान की प्रतिष्ठा खराब करने का जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए। इस पूरे मामले में सलमान के वकील ने यूट्यूब, फेसबुक, ट्विटर और सर्च इंजन गूगल सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी पक्षकार बनाया है। सलमान के वकील ने कोर्ट से  केतन कक्कड़ द्वारा सलमान पर कथित तौर पर लगाये गये आरोपों के वीडियो तथा तमाम सामग्रियों को ब्लॉक करने के निर्देश देने की मांग की है। 

केतन कक्कड़ एक एनआरआई हैं, जो आजकल मुंबई में रहते हैं। उनका प्लॉट सलमान खान के पनवेल फार्म हाउस के पड़ोस में है। 1995 में अमेरिका से लौटने के बाद केतन ने यहां घर, मंदिर और आश्रम बनाने के लिए प्लॉट खरीदा था। लेकिन उनका अलॉटमेंट महाराष्ट्र सरकार के वन विभाग ने कैंसिल कर दिया। केतन का आरोप है कि यह सलमान खान के सरकार में रसूख की वजह से हुआ और सलमान उनकी जमीन पर अवैध तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं।