भाजपा की कथनी-करनी में सिर्फ़ फ़र्क़ नहीं बल्कि विरोधाभास भी है, कमलनाथ का भाजपा पर हमला

18 साल के शासनकाल में यदि भाजपा चाहती तो मप्र के विकास को ‘संभव’ कर सकती थी लेकिन भ्रष्टाचार की लिप्तता में व्यस्त रहने की वजह से भाजपा के लिए ऐसा करना असंभव ही रहा: कमलनाथ

Updated: Oct 13, 2023, 11:33 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ भाजपा पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही हमले भी तेज हो गए हैं। इसी बीच शुक्रवार को उन्होंने चुनावी माहौल को गरमाते हुए ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा है।

कमलनाथ ने लिखा, 'ये एक विरोधाभास ही तो है कि मप्र भाजपा लिख रही है कि असंभव को संभव और शून्य को शिखर बनाने का नाम भाजपा है। जबकि बात और हालात ठीक इसके विपरीत हैं। 18 साल के शासनकाल में यदि भाजपा चाहती तो मप्र के विकास को ‘संभव’ कर सकती थी लेकिन भ्रष्टाचार की लिप्तता में व्यस्त रहने की वजह से भाजपा के लिए ऐसा करना असंभव ही रहा।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'शायद इसीलिए भाजपा ने हालातों को भाँपते हुए और जनता के आक्रोश को समझते हुए अपने ‘शिखर’ नेतृत्व को इस चुनाव में ‘शून्य’ कर दिया है। मुख्यमंत्री जी के मंच पर उपस्थित होते हुए भी किसी को उनका नाम लेने तक की याद नहीं आती, उनके काम की बात करना तो बहुत दूर की बात है। तो फिर ऐसा तथाकथित शिखर किस काम का जो दिखाई न दे। इस विधानसभा चुनाव में मप्र की जनता भाजपा को ‘शिखर से शून्य’ पर ले आयेगी। भाजपा के राजनीतिक शिखर, बिखर गये हैं।'

बता दें की मध्य प्रदेश में आगामी 17 नवम्बर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी। वहीं, 3 दिसंबर को नतीजे आएंगे। बीजेपी ने 136 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। वहीं, कांग्रेस 15 अक्टूबर को प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी करेगी।