यूक्रेन की सीमाओं से लौटने लगी रूसी सेना, युद्ध का खतरा फिलहाल टला

रूस ने यूक्रेन की सीमाओं को घेर लिया था, वहीं सीमाओं पर रूस ने अपने डेढ़ लाख सैनिक भी तैनात कर दिए थे, अब इन सैनिकों के लौटने की खबर है

Updated: Feb 15, 2022, 10:55 AM IST

Photo Courtesy: ABP News
Photo Courtesy: ABP News

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन में भयावह युद्ध की संभावनाओं के बीच दोनों देशों के बीच युद्ध टलता नज़र आ रहा है। रूस ने अब यूक्रेन की सीमाओं से अपने सैनिकों को वापस बुलाना शुरू कर दिया है। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस की सैन्य टुकड़ियां अब यूक्रेन से लौट रही हैं।

यूक्रेन के साथ बढ़ते तनाव के बीच रूस ने यूक्रेन की सीमाओं पर अपने 1 लाख 30 हजार सैनिक तैनात कर दिए थे। वहीं एक सैटेलाइट तस्वीर भी वायरल हुई थी, जिसमें यूक्रेन की सीमाओं पर रूस की सैन्य गतिविधियां नज़र आ रही थीं। विभिन्न रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि रूस ने यूक्रेन के साथ जंग की मुकम्मल तैयारी कर ली है और वह 16 फरवरी को यूक्रेन के साथ जंग का एलान कर सकता है।

यह भी पढ़ें : रूस के डेढ़ लाख सैनिकों से घिरा यूक्रेन, किसी भी वक्त बज सकता है जंग का बिगुल

वहीं रूस की सैन्य गतिविधियां बढ़ने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमिर जेलेंस्की ने भी सोशल मीडिया पर अपनी एक पोस्ट में कहा था कि 16 फरवरी को यूक्रेन की एकता का दिन होगा, क्योंकि उस दिन रूस यूक्रेन पर आक्रमण कर सकता है। यूक्रेन की सरकार ने 16 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश भी घोषित कर दिया था। जिसके बाद से ही यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध की आशंकाएं बढ़ गई थीं।

भारतीय दूतावास ने यूक्रेन में रह रहे तमाम भारतीयों को भारत लौटने का आह्वान किया है। विशेषकर यूक्रेन में पढ़ रहे छात्रों से भारतीय दूतावास ने अपील की है कि ज़्यादा ज़रूरी न होने पर वे भारत लौट आएं। हालांकि यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने हम समवेत को बताया कि यूक्रेन और रूस के बीच बढ़ते तनाव से वह काफी आशंकित है। झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली छात्रा ने बताया कि वह इस समय अपनी यूनिवर्सिटी से कन्फर्मेशन मिलने का इंतजार कर रही है। छात्रा यूक्रेन के Odessa स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीएसएस की पढ़ाई कर रही है।