UNSC में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, भारत ने वोट नहीं डाला, रूस ने लगाया वीटो

यूक्रेन पर हमले का तीसरा दिन, UNSC में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, भारत, चीन और UAE ने वोटिंग से बनाई दूरी, रूस ने लगाया अपना वीटो

Updated: Feb 26, 2022, 03:42 AM IST

यूक्रेन पर रूस के हमले का आज तीसरा दिन है। राजधानी कीव समेत यूक्रेन के सभी अहम शहरों में लगातार धमाके हो रहे हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया। उस प्रस्ताव को रूस ने वीटो (Veto) कर दिया है, जिसमें यूक्रेन पर आक्रमण की निंदा की गई थी। इस प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा। खास बात ये है कि भारत, चीन और UAE ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया।

भारत ने यूक्रेन पर हमले की निंदा तो की है लेकिन बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर जोर देते हुए निंदा प्रस्ताव पर वोट नहीं दिया। परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में रूस की वीटो शक्ति के कारण उसके खिलाफ UNSC का यह प्रस्ताव विफल रहा। यूएन में रूस की राजदूत वैसिली नेबेंजिया ने इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं करने वाले देशों का धन्यवाद दिया है। उन्होंने वोट के बाद कहा, ‘आपका मसौदा प्रस्ताव इस यूक्रेनी शतरंज पर क्रूर और अमानवीय कदम के अलावा कुछ नहीं है।'

संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड ने वोटिंग के बाद कहा, 'मैं एक बात स्पष्ट कर दूं। रूस, आप इस प्रस्ताव पर वीटो लगा सकते हैं, लेकिन आप हमारी आवाज़ पर वीटो नहीं लगा सकते। आप सच्चाई को वीटो नहीं कर सकते, आप हमारे सिद्धांतों को वीटो नहीं कर सकते, आप यूक्रेनी लोगों को वीटो नहीं कर सकते। हम हम यूक्रेन और उसके लोगों के पीछे एकजुट खड़े हैं।'

बता दें कि सुरक्षा परिषद के इस निंदा प्रस्ताव में रूस से ‘यूक्रेन के खिलाफ बल के इस्तेमाल को तत्काल रोकने’ और ‘तत्काल, पूरी तरह और बगैर किसी शर्त के अपने सैन्य बलों को यूक्रेन के क्षेत्र से अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सीमाओं में वापस लेने’ की मांग की गई थी। मसौदे में पूर्वी यूक्रेन में दो अलगाववादी राज्यों को स्वतंत्र के रूप में मान्यता देने के रूस के अपने फैसले को बदलने की भी मांग की गई थी।