WHO ने किया वैक्सीन का बचाव, कहा, एस्ट्राजेनेका के इस्तेमाल में कोई खतरा नहीं

डेनमार्क, ऑस्ट्रिया और नॉर्वे जैसे कई यूरोपीय देशों ने एस्ट्राजेनेका के इस्तेमाल पर कुछ दिनों के लिए रोक लगा दी है, इन देशों में वैक्सीन लगाने के बाद कई लोगों के शरीर में खून के थक्के जमने की शिकायत मिली है

Updated: Mar 12, 2021, 01:30 PM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना से बचावे के लिए विकसित वैक्सीन एस्ट्राजेनेका का बचाव किया है। कई यूरोपीय देशों ने इस वैक्सीन के इस्तेमाल पर अस्थाई प्रतिबंध लगा दिया है। लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि एस्ट्राजेनेका वैक्सीन के इस्तेमाल में किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। WHO ने माना है कि यह वैक्सीन इस्तेमाल करने के लिए सुरक्षित और प्रभावी है।  

विश्व स्वास्थ्य संगठन की प्रवक्ता मारग्रेट हैरिस ने अपनी एक प्रेस वार्ता में कहा कि वैक्सीन का उपयोग जारी रखना चाहिए। एस्ट्राजेनेका पूरी तरह से सुरक्षित वैक्सीन है। हैरिस ने कहा कि यह टीका भी किसी और वैक्सीन की तरह ही है, जिसका उपयोग किया जा रहा है। हालांकि वैक्सीन के सुरक्षित होने का दावा करने वाली हैरिस ने यह भी कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन टीकाकरण के बाद हुई मौत के डेटा की समीक्षा कर रहा है। 

यह भी पढ़ें: डेनमार्क, ऑस्ट्रिया सहित कई यूरोपीय देशों में एस्ट्राजेनेका के टीके पर रोक, गंभीर साइडइफ़ेक्ट की शिकायत

दरअसल डेनमार्क, आइसलैंड और नॉर्वे जैसे यूरोपीय देशों में टीकाकरण करवा चुके कुछ लोगों के शरीर में खून के थक्के जमने की शिकायत सामने आई है। ऑस्ट्रिया में तो वैक्सीन की पहली डोज लेने के बाद ही एक 49 वर्षीय नर्स की मौत हो गई। इन हालात में वैक्सीन पर संदेह जताते हुए यूरोपीय देशों ने अस्थाई तौर पर एस्ट्राजेनेका पर पाबंदी लगा दी है। वैक्सीन पर लगी पाबन्दी के दौरान तमाम देश यह पता करने की कोशिश करेंगे कि शरीर में खून के थक्के के जमने और मौत का एस्ट्राजेनेका वैक्सीन से कितना संबंध है।