ADJ Murder Mystery: महिला दोस्त ने आटे में मिलाया था ज़हर

Betul Police: महेंद्र त्रिपाठी और उनके पूरे परिवार की हत्या की थी साज़िश, संध्या सिंह नाम की महिला ने कबूला गुनाह

Updated: Jul 31, 2020, 10:32 AM IST

बैतूल। जिला न्यायालय में पदस्थ अतिरिक्त जिला न्यायाधीश महेंद्र त्रिपाठी और उनके बेटे अभिनव राज की मौत के कारणों का खुलासा हो गया है। बैतूल पुलिस ने मात्र पांच दिन में इस हाईप्रोफाइल हत्या का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। बैतूल पुलिस ने इस मामले में एडीजे की महिला मित्र संध्या सिंह समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला मित्र संध्या सिंह ने एडीजे को जहरीला आटा दिया था, जिसकी रोटियां खाने से उनकी और उनके एक बेटे की मौत हो गई। आटे में कोबरा का जहर मिला होने की आशंका जताई जा रही है।

पूछताछ के दौरान ADJ की महिला मित्र संध्या सिंह ने सारे राज उगले हैं। उसने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उनके परिवार को खत्म करने के लिए आटे में जहर मिला कर दिया था। संध्या सिंह पिछले 10 साल से महेंद्र त्रिपाठी के संपर्क में थी। पुलिस ने इस घटना में शामिल तांत्रिक देवीलाल समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ADJ  का महिला से पैसों के लेन-देन को लेकर था विवाद

पुलिस का कहना है कि महेंद्र त्रिपाठी और उनके बेटे अभिनव राज की हत्या की सोची समझी साजिश की गई थी। जिसे उनकी महिला मित्र संध्या सिंह ने रचा था। संध्या सिंह महेंद्र त्रिपाठी के पूरे परिवार को मौत के घाट उतारना चाहती थी लेकिन छोटा बेटा और पत्नी बच गए।

महिला, ADJ से उस वक्त से नाराज रहने लगी थी, जबसे महेंद्र त्रिपाठी की पत्नी साथ रहने लगी थीं। कुछ दिनों से एडीजे अपने परिवार को अधिक समय दे रहे थे, जो कि संध्या को नागवारा गुजर रहा था, और वो खुद को अकेला महसूस करने लगी। पैसों के लेनेदेन को लेकर भी दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं। जिससे नाराज संध्या ने एडीजे और उनके परिवार को खत्म करने की साजिश रची। पुलिस का कहना है कि ADJ ने अपराधियों को पिछले 10 सालों में कई बार मदद के लिए पैसे दिए थे। ADJ पैसे वापस देने का दवाब डाल रहे थे।

 तंत्र-मंत्र के सहारे कलह कम करने का दिया था झांसा

बैतूल एसपी सिमाला प्रसाद ने बताया कि महेंद्र त्रिपाठी को छिंदवाड़ा से संध्या ने पारिवारिक कलह दूर करने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए तंत्र-मंत्र का सहारा लेने की सलाह दी थी। जिसके बाद दोनों के बीच आटे का अदान-प्रदान हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि आटे में कोबरा सांप का जहर मिलाया गया था। लेकिन पुलिस का कहना है कि इसका खुलासा आटे के सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

दरअसल 20 जुलाई की रात एडीजे और उनके दोनों बेटों को फूड पॉइजनिंग की शिकायत हुई थी। तीनों ने घर पर ही भोजन किया था। तबीयत बिगड़ने पर पहले उन्होंने घरेलू उपचार किया था। जिससे छोटे बेटे की तबीयत तो ठीक हो गई थी, लेकिन एडीजे और उनके बड़े बेटे अभिनव राज त्रिपाठी की हालत लगातार खराब होती चली गई। जिसके बाद दोनों को शनिवार को ही नागपुर के एलेक्सिस अस्पताल ले जाया जा रहा था। तभी रास्ते में बड़े बेटे ने दम तोड़ दिया था।