चुनावी साल में बीजेपी को बड़ा झटका, यादवेंद्र यादव ने सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ थामा कांग्रेस का दामन

सिंधिया के गढ़ में कांग्रेस की सेंधमारी, अशोकनगर-गुना जिले के कद्दावर नेता रहे स्व राव देशराज यादव के पुत्र यादवेंद्र यादव ने थामा कांग्रेस का दामन

Updated: Mar 22, 2023, 02:02 PM IST

भोपाल। चुनावी साल में सत्ताधारी दल भाजपा को बड़ा झटका लगा है। अशोकनगर जिले की मुंगावली सीट से तीन बार भाजपा के विधायक रहे स्वर्गीय राव देशराज सिंह यादव के बेटे यादवेन्द्र सिंह यादव ने आज कांग्रेस ज्वॉइन किया है। सिंधिया के क्षेत्र में यह कांग्रेस की बड़ी सेंधमारी के तौर पर देखा जा रहा है। यादवेन्द्र अशोकनगर जिला पंचायत के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

बुधवार को राजधानी भोपाल स्थित पीसीसी मुख्यालय में यादवेंद्र यादव ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। सदस्यता ग्रहण के दौरान पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह मौजूद रहे। यादवेंद्र यादव को कांग्रेस पार्टी में लाने में अरुण यादव व सचिन यादव का अहम रोल माना जा रहा है। दरअसल, मुंगावली उपचुनाव प्रभारी सचिन यादव उन्हें लगातार कांग्रेस में लेकर आने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। बीते दिनों अशोकनगर में हुए यादव समाज के कार्यक्रम में साथ शामिल हुए थे।

बता दें कि यादवेंद्र यादव वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हैं। उनकी पत्नी और मां भी जिला पंचायत सदस्य हैं। यादवेंद्र यादव के पिता राव देशराज सिंह मुंगावली से तीन बार भाजपा से विधायक रहे हैं। गुना और अशोकनगर जिले में यादव परिवार का अच्छा पकड़ माना जाता है। राव देशराज सिंह भाजपा से लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। 

यादवेंद्र के भाई अजय यादव को शिवराज सरकार से राज्यमंत्री का दर्ज प्राप्त है। वे मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष हैं। बहरहाल, यादवेंद्र के कांग्रेस में शामिल होने से गुना, अशोकनगर से लेकर भिंड और ग्वालियर में भी भारतीय जनता पार्टी को भारी नुकसान होना तय माना जा रहा है।