MP में कांग्रेस ने लॉन्च की नारी सम्मान योजना, महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने का संकल्प

छिंदवाड़ा में नारी सम्मान योजना के लॉन्चिंग कार्यक्रम में प्रसिद्ध पर्वतारोही मेघा परमार ने थामा कांग्रेस का दामन, कहा- कमलनाथ नहीं होते तो माउंट एवरेस्ट फतह नहीं कर पाती

Updated: May 09, 2023, 02:29 PM IST

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को ऐतिहासिक "नारी सम्मान योजना" लॉन्च कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दिग्गज कांग्रेस नेताओं द्वारा योजना की शुरुआत की गई। छिंदवाड़ा में पीसीसी चीफ कमलनाथ, भोपाल में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और इंदौर में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने योजना का शुभारंभ किया। छिंदवाड़ा में नारी सम्मान योजना के लॉन्चिंग कार्यक्रम में प्रसिद्ध पर्वतारोही मेघा परमार ने कांग्रेस का दामन थामा।

कमलनाथ सरकार के दौरान पर्वतारोही मेघा परमार को महिला एवं बाल विकास विभाग मध्यप्रदेश ने 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया था। कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद मेघा ने कहा, 'आज मैं कांग्रेस परिवार में प्रवेश कर रही हूं, यह मेरे जीवन का सौभाग्यशाली दिन है। भाग्यशाली हूं कि नारी सम्मान योजना की लॉन्चिंग की साक्षी हूं। एक किसान की बेटी को 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का ब्रांड एंबेसडर कमलनाथ ही बना सकते हैं। कमलनाथ घोषणाएं नहीं करते, वचन निभाते हैं। कमलनाथ नहीं होते तो शायद मैं एवरेस्ट फतह नहीं कर पाती।'

कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के परासिया में मुख्य कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने योजना की शुरुआत की। कांग्रेस की स्कीम में 1500 रुपए हर महीने देने का वादा है। घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा। नारी सम्मान योजना के तहत सरकार आने पर कांग्रेस महिलाओं को सालभर के 18 हजार रुपए (1500 × 12) देगी। सिलेंडर पर सालभर में 7200 (600 × 12) सब्सिडी देगी। इस तरह कांग्रेस महिलाओं को सालभर में 25 हजार रुपए की मदद देगी।

नारी सम्मान योजना को विश्व की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण योजना बताया जा रहा है। इस योजना के फॉर्म कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि मध्य प्रदेश में सरकार बनने के बाद इस योजना का लाभ महिलाओं को मिलने लगेगा। उन्हें न तो कहीं भटकने की जरूरत है, न कतार में लगने की, रजिस्ट्रेशन फॉर्म घर पर ही भरवाकर रसीद दी जाएगी।