MP में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी कांग्रेस, टाइम्स नाउ नवभारत के सर्वे ने उड़ाई भाजपा नेताओं की नींद

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में महज दो महीने का समय बचा है। चुनाव को लेकर जनता का मूड भांपने के लिए टाइम्स नाउ और ईटीजी ने प्रदेश में सर्वे कराए थे, जिसमें चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं।

Updated: Sep 30, 2023, 02:28 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है। एक तरफ बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता वापसी की तैयारियों में जुटी है। इसी बीच एक और सर्वे रिपोर्ट ने भाजपा नेताओं की नींद उड़ा दी है। दरअसल, टाइम्स नाउ नवभारत के ओपिनियन पोल में भी राज्य में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जताई गई है।

विधानसभा चुनाव को लेकर जनता का मूड भांपने के लिए टाइम्स नाउ और ईटीजी ने प्रदेशभर में सर्वे कराए थे, जिसमें चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं।
सर्वे के मुताबिक इस बार चुनाव में भाजपा को 102 से 110 सीटें और कांग्रेस को 118 से 128 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। 2018 के चुनाव में भाजपा को 109 सीटें और कांग्रेस को 114 सीटें मिली थीं। 

मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर टाइम्स नाउ चैनल ने जुलाई 2023 में भी सर्वे किया था। इस सर्वे में भाजपा को 105 से 115 सीटें और कांग्रेस को 114 से 124 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। ताजा सर्वे में भाजपा को सीटों का नुकसान हो रहा है जबकि कांग्रेस अपनी सीटें बढ़ाते हुए दिख रही है। ओपिनियन पोल से स्पष्ट है कि भाजपा द्वारा जो हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, सीएम जो चुनावी घोषणाएं कर रहे हैं जनता में उसका कोई असर नहीं पड़ रहा है।

वोट प्रतिशत की अगर बात करें तो इसमें भी कांग्रेस भाजपा से काफी आगे है। टाइम्स नाउ के ओपिनियन पोल में भाजपा को 42.80 फीसदी और कांग्रेस को 43.80 प्रतिशत वोट मिलता दिख रहा है। अन्य को 13.40 फीसदी वोट मिल सकता है। गत 16 जुलाई के सर्वे में भाजपा को 42.70 और कांग्रेस को 43.10 फीसद वोट मिलने का अनुमान जताया गया था। सर्वे रिपोर्ट सामने आने के बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन तय माना जा रहा है।

क्षेत्रवार रिपोर्ट देखें तो सर्वे में मालवा निमाड़ में कांग्रेस को 41-45 सीटें मिलने का अनुमान है। यहां बीजेपी काफी पीछे चल रही है और उसे 20-24 सीटें मिलने की उम्मीद है। महाकौशल में बेहद करीबी मुकाबला है और बीजेपी को यहां 18-22 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 16-20 सीटें मिलने की संभावना है। ग्वालियर चंबल में बीजेपी की तुलना में कांग्रेस 26-30 सीटों के साथ काफी बेहतर स्थिति में है। इस क्षेत्र में बीजेपी को करीब 4-8 सीटें जीतने की उम्मीद है।

मध्य भारत क्षेत्र में भाजपा को कांग्रेस से बेहतर प्रदर्शन करने का अनुमान है। यहां भाजपा को लगभग 22-24 सीटें हासिल करने की संभावना है। वहीं, कांग्रेस को 12-14 सीटें मिलने की संभावना है। विंध्य में बीजेपी को 19-21 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं कांग्रेस को 8-10 सीटें मिलने की संभावना है। बुन्देलखंड में भी बेहद करीबी मुकाबला है। बीजेपी को यहां 13-15 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस 11-13 सीटें हासिल करने की स्थिति में है।

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने दिग्गजों की फौज उतार दी है। राज्य में तीन केंद्रीय मंत्री समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। बावजूद सत्ताधारी दल की स्थिति ठीक नहीं है। उधर, कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतने का दावा कर रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी द्वारा अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए गए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 150 से अधिक सीटें जीत सकती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि प्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है।