दीपक जोशी का कांग्रेस में शामिल होना तो सिर्फ ट्रेलर है, कमलनाथ के बयान से MP बीजेपी में खलबली

मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार की सुनामी आई हुई है ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार की एक व्यवस्था बनी हुई है। महंगाई और बेरोजगारी से ध्यान भटकाने के लिए जबलपुर में हिंसा कराई गई: कमलनाथ

Updated: May 07, 2023, 01:52 PM IST

सिवनी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ रविवार को एकदिवसीय दौरे पर सिवनी जिले के उड़ेपानी पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राज्य सरकार को निशाने पर लिया। पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की सुनामी आई हुई है। वहीं, दीपक जोशी के कांग्रेस में शामिल होने को कमलनाथ ने ट्रेलर करार दिया।

सिवनी जिले के उड़ेपानी में प्रेस को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा, 'प्रदेश की तस्वीर किसी से छुपी हुई नहीं है। बाल अपराध में MP देश में नंबर वन, दलित और आदिवासियों के खिलाफ होने वाले अत्याचार में देश में नंबर वन है, महिला आत्महत्या में और उत्पीड़न ने देश में नंबर वन है। यह मेरे आंकड़े नहीं यह तो केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़े हैं। आज प्रदेश में रोजगारी चरम  पर है लगभग एक करोड़ युवा बेरोजगार हैं।'

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में कांग्रेस BJP से काफी आगे, पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का अनुमान: सर्वे रिपोर्ट

कमलनाथ ने आगे कहा, 'आज सिवनी की स्थिति देख लीजिए यहां बिजली और पानी की समस्या चिंतनीय है। शायद सिवनी मध्य प्रदेश का इकलौता जिला होगा जहां इंजीनियरिंग कॉलेज नहीं है। जिला अस्पताल में मेडिकल स्टाफ नहीं हैं। एक भी स्पेशलाइज्ड डॉक्टर नहीं हैं। ये भाजपा के 18 वर्षों के कुशासन का परिणाम है। अपना सिवनी आज सिंचाई विहीन,  उद्योग विहीन, बिजली विहीन,  सुविधा विहीन, अस्पताल, खेल सुविधा विहीन बनकर रह गया है। यह 18 वर्षों के भाजपा कार्यकाल की हकीकत है।'

कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि, 'मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार की सुनामी आई हुई है ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार की एक व्यवस्था बनी हुई है। प्रदेश सरकार 3:30 लाख करोड़ का कर्जा लिया है। मैं पूछना चाहता हूं कि उस से सिवनी को क्या लाभ हुआ?' बजरंग दल विवाद को लेकर पूर्व सीएम ने कहा, 'मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि कर्नाटक के चुनावी घोषणा पत्र में बजरंग दल को बैन करने की बात नहीं की गई है।'

उन्होंने कहा, 'यह बात तो सुप्रीम कोर्ट ने स्वयं कही है कि जो व्यक्ति या संस्था समाज में नफरत या विवाद की स्थिति पैदा करने का प्रयास करें उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। और यही बात आम जनता चाहती है की सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। जबलपुर में की गई हिंसा की मै घोर निंदा करता हूं। यह सब ध्यान मोड़ने की राजनीति का एक हिस्सा है, ताकि जनता का ध्यान बढ़ती हुई महंगाई, बेरोजगारी जैसे तमाम मुद्दों से भटकाया जा सके।' 

दीपक जोशी जी का कांग्रेस में शामिल होने को लेकर कमलनाथ ने कहा कि ये तो सिर्फ ट्रेलर मात्र है। आगे देखते जाइए। कमलनाथ के इस बयान ने प्रदेश में सियासी हलचलें बढ़ा दी है। दरअसल, चुनावी साल में मध्य प्रदेश बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। विधानसभा चुनाव के पहले ही भारतीय जनता पार्टी के एक के बाद एक दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को पूर्व विधायक राधेलाल बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कमलनाथ के ट्रेलर वाले बयान के बाद अब भाजपा इस बात को लेकर चिंतित है कि अब कौन नेता कांग्रेस ज्वाइन करने वाले हैं।