सलमान के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग, पार्थिव शरीर के साथ खजुराहो थाने पर बैठे दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह 5 घंटे तक मृतक सलमान के घर के बाहर धरने पर बैठे थे, कार्रवाई नहीं होने के कारण वे खजुराहो थाने पहुंचे और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।

Updated: Nov 19, 2023, 01:47 AM IST

खजुराहो। छतरपुर के राजनगर में कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या मामले में पार्टी आरपार की लड़ाई के मूड में नजर आ रही है। कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह 5 घंटे तक मृतक सलमान के घर के बाहर धरने पर बैठे रहे। अब वे डेडबॉडी लेकर खजुराहो पुलिस थाने जाकर धरने पर बैठ गए हैं। सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि जबतक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती वे धरने पर बैठे रहेंगे।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शनिवार को दोपहर एक बजे खजुराहो के मंजूरनगर कॉलोनी स्थित मृतक सलमान के घर पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस मुश्किल घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया। इसके बाद वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सलमान के घर के बाहर धरने पर बैठ गए। सिंह के साथ राजनगर विधायक विक्रम सिंह नाती राजा, छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी और महाराजपुर विधायक नीरज दीक्षित समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद थे। 

दिग्विजय सिंह के धरने पर बैठे जब 5 घंटे से अधिक हो गए बावजूद पुलिस ने कार्रवाई के कोई संकेत नहीं दिए तब सिंह ने अपने पूर्वनिर्धारित कार्यक्रमों और दौरों को निरस्त कर सलमान के परिजनों के साथ डेडबॉडी लेकर खजुराहो थाने पहुंच गए। दिग्विजय सिंह के साथ ही छतरपुर के पार्टी के तीन प्रत्याशी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने के बाहर धरना पर बैठे हैं।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिन पर हत्या की एफआईआर दर्ज हुई है, उनको अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? कोई और होता तो अब तक उनके मकान गिरा दिए जाते। मैं पीड़ित परिवार के साथ कल भी था, आज भी हूं और आगे भी रहूंगा। इसमें सबसे पहले गिरफ्तारी की जाए और पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। दिग्विजय सिंह ने मृतक के परिवार को गोद लेने की भी बात कही है।

सलमान के परिजनों ने भी साफ कर दिया है कि हत्यारों के खिलाफ जब तक कार्रवाई नहीं होती वे शव को सुपुर्दे खाक नहीं करेंगे। सलमान की मौत हुए 40 घंटे से अधिक हो गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस वीडी शर्मा के दबाव में एक्शन नहीं ले रही है। वहीं, पुलिस ये कहकर पल्ला झाड़ रही है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है लेकिन आरोपी अपने घरों पर नहीं हैं।