CM शिवराज के गढ़ बुधनी पहुंचे दिग्विजय सिंह, मंडलम सेक्टर प्रभारियों से किया सीधा संवाद

मध्य प्रदेश फतह के लिए एक्शन मोड में दिग्विजय सिंह, रविवार को सीएम शिवराज के गृहक्षेत्र बुधनी में ली कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक, एकजुटता का दिया संदेश

Updated: Feb 19, 2023, 03:03 PM IST

सीहोर। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह रविवार को भी चुनावी दौरे पर हैं। आज वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृहक्षेत्र बुधनी पहुंचे। यहां उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मंडलम सेक्टर की बैठक में हिस्सा लिया।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का बुधनी में स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान सिंह के साथ पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल भी मौजूद रहे। सिंह ने बुधनी विधानसभा के रेहटी में मंडलम एवं सेक्टर प्रभारियों की बैठक ली। पूर्व सीएम ने मंडलम सेक्टर के अध्यक्षों को सभी को साथ लेकर चलने की हिदायत दी। साथ ही चुनाव के लिए सभी की सक्रियता को जरूरी बताया। उन्होंने सबको अपने अपने पोलिंग बूथ पर ध्यान देते हुए बीजेपी के झूठे प्रचार प्रसार का जबाव देने की भी समझाइश दी। सिंह ने मंडलम एवं सेक्टर प्रभारियों से उनके क्षेत्र का विस्तृत रिपोर्ट भी लिया।

यह भी पढ़ें: MP को हर दिन बेच रहे हैं शिवराज, प्रतिदिन 500 करोड़ का कर्ज़ लेने पर कांग्रेस का शिवराज सरकार पर हमला

बुधनी से दिग्विजय सिंह नसरुल्लागंज के लिए रवाना हुए। यहां वे पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों के यहां विवाह समारोह और शोक संवेदना कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तत्पश्चात वे टिमरनी जाएंगे। टिमरनी  के ग्राम सोडलपुर में भी मंडलम और सेक्टर प्रभारियों की बैठक बुलाई गई है। यहां से सिवनी मालवा होते हुए देर रात वह भोपाल पहुंचेंगे।

बता दें कि मध्य प्रदेश में इस साल के आखिरी महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य की 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव से पहले प्रमुख राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो गयी हैं। बीजेपी जनता को लुभाने के लिए प्रदेशभर में विकास यात्रा निकाल रही है तो कांग्रेस ने भी अपनी कमर कस ली है। कांग्रेस हाईकमान ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है। प्रदेश में दिग्विजय सिंह ने ताबड़तोड़ दौरे शुरू कर दिए हैं।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक चुनाव पूर्व दिग्विजय सिंह 230 सीटों के विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर संगठन को मजबूत बनाएंगे।  17 फरवरी से दिग्विजय सिंह का विधानसभा वार अभियान शुरू हो चुका है। दिग्विजय सिंह के दफ्तर से मिली जानकारी के मुताबिक शुरुआती 2 महीने में दिग्विजय सिंह 65 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर कांग्रेस के लिए जमीन मजबूत करेंगे। ये 65 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां पर कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। 

यह भी पढ़ें: कोई भी मशीन जिसमें चिप लगी हो उसे हैक किया जा सकता है, दिग्विजय सिंह ने की VVPAT से काउंटिंग की मांग

मध्य प्रदेश में सिंह के दौरे शुरू होते ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है। दरअसल, दिग्विजय सिंह की कार्यकर्ताओं पर पकड़ और क्षेत्र में जीवंत संपर्क अन्य नेताओं की तुलना में काफी बेहतर है। राज्य के सभी जिलों में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जबरदस्त नेटवर्क है। साल 2018 के चुनाव में दिग्विजय नर्मदा परिक्रमा यात्रा कर मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में वापसी करवा चुके हैं। 

नर्मदा परिक्रमा यात्रा के अलावा दिग्विजय सिंह ने एक और बड़ी भूमिका निभायी थी। उन्होंने चुनाव से ठीक पहले राज्य में एक समन्वय यात्रा निकाली थी, जिसका मुख्य उद्देश्य ही नाराज़ कांग्रेसियों को मनाना था। समन्वय यात्रा के तहत दिग्विजय सिंह ने आम कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में बड़ा रोल निभाया था। नतीजतन राज्य में 15 साल बाद कांग्रेस की वापसी हुई थी। ऐसे में अब एक बार फिर दिग्विजय सिंह की सक्रियता ने बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी है।