फर्जी मुकदमा झेल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलने सागर आएंगे दिग्विजय सिंह, BJP मंत्री ने कहा- मैं भी प्रताड़ित

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार को सागर के खुरई, सुरखी, रहली समेत अन्य विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

Updated: Dec 16, 2022, 04:22 AM IST

सागर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को सागर आ रहे हैं। वे यहां फर्जी मुकदमा झेल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दिग्विजय सिंह के सागर दौरे को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है। सत्ताधारी दल बीजेपी की बौखलाहट भी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार 17 दिसंबर को सागर जिले के खुरई, सुरखी, रहली समेत अन्य विधानसभा क्षेत्रों के उन कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे जिन्हें कथित रूप से फर्जी मुकदमों में फंसाया गया है। वे यहां पिछले 18 साल से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस प्रशासन और भाजपा नेताओं के अत्याचारों की सुनवाई करेंगे।

यह भी पढ़ें: मोदी सरकार की लाल आंख पर चीनी चश्मा लग गया है, मल्लिकार्जुन खड़गे का केंद्र सरकार पर बड़ा हमला

माना जा रहा है कि सत्ताधारी दल का जुल्म झेल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिग्विजय सिंह "डरो मत" का संदेश देंगे। सिंह के सागर दौरे को कांग्रेस कैडर में नई जान फूंकने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। बता दें कि इसी साल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई थी। हैरानी की बात ये है कि पुलिस ने उल्टे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया था। दिग्विजय सिंह इस मामले में सीएम चौहान को पत्र लिखकर एसटीएफ जांच की मांग कर चुके हैं।

खुरई में इस साल 11 जनवरी को अज्ञात लोगों के द्वारा सेल्फी प्वाइंट तोड़े जाने के मामले में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। दिग्विजय सिंह ने तब कहा था कि, 'राजनैतिक विरोधियों को परेशान करने और झूठा मुकदमा दर्ज कराने की यह नई शैली भाजपा सरकार ने अपना ली है। हर जिले में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरूद्ध पुलिस को ढाल बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है।'

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में उतरे MP के मेडिकल स्टूडेंट्स, मेडिकल कॉलेजों में चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान

सिंह के दौरे को लेकर सत्ताधारी दल बीजेपी की बौखलाहट सामने आई है। शिवराज कैबिनेट में मंत्री भूपेंद्र सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर कहा कि, 'दिग्विजय सिंह जहां भी जाते हैं वहां षड्यंत्र करते हैं।
कांग्रेस की सवा साल की सरकार में मुझे और मेरे परिवार को भी प्रताड़ित किया। मेरे खिलाफ बरोदिया पुलिस चौकी में शिकायत कराई गई। जबकि भाजपा सरकार ने कभी भी किसी पर गलत कार्रवाई नहीं कराई है।'