Digvijaya Singh : फर्जी ट्विटर हैंडल से हो रहे आपत्तिजनक ट्वीट

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उनके नाम से फर्जी ट्विटर हैंडल बनाने वाले के खिलाफ पुलिस में की शिकायत

Publish: Jun 10, 2020, 07:50 AM IST

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उनके नाम से फर्जी ट्विटर एकाउंट बनाने वाले के खिलाफ साइबर पुलिस में शिकायत की है। अज्ञात व्यक्ति ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नाम से फर्जी ट्विटर हैंडल बनाया है। उस फर्जी ट्विटर हैंडल से आपत्तिजनक ट्वीट भी किए जा रहे हैं।

इस साइबर क्राइम पर दिग्विजय सिंह ने भोपाल साइबर सेल के पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। शिकायत के साथ उन्होंने उस फर्जी ट्विटर हैंडल के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं। शिकायत में उन्होंने लिखा है कि मुझे ज्ञात हुआ है की किसी व्यक्ति के द्वारा मेरे नाम से फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाकर उस पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली जा रही है। इस फर्जी अकाउंट बनाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर ट्विटर अकाउंट को तत्काल बंद करवाएं।

गौरतलब है कि मई 2020 में बनाए गए उस ट्विटर अकाउंट के प्रोफाइल में "कांग्रेस मैन" लिखा हुआ है तथा वही फ़ोटो लगाई गयी है जो उनके आधिकारिक हैंडल में है। इसलिए उसके फॉलोवर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है। खबर लिखे जाने तक उसे कुल 838 लोग फॉलो कर रहे हैं।