मध्य प्रदेश विधानसभा के 18वें अध्यक्ष बने गिरीश गौतम, निर्विरोध चुनाव के बाद नेता प्रतिपक्ष ने भी दी बधाई

मध्य प्रदेश के नए विधानसभा अध्यक्ष बीजेपी नेता गिरीश गौतम चुन लिए गए हैं, 11 महीने बाद सदन को मिले पूर्णकालिक स्पीकर

Updated: Feb 22, 2021, 08:25 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आगाज हो गया है। नए विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम चुने गए हैं। उन्हें विधानसभा के स्पीकर पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया। गौतम मध्य प्रदेश विधानसभा के 18वें अध्यक्ष होंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने आसंदी के नजदीक जाकर नवनिर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष को बधाई दी। मध्य प्रदेश विधानसभा में स्पीकर का पद करीब 11 महीने से खाली पड़ा था।

अध्यक्ष निर्वाचित होते ही विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि वे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डाक्टर सीतासरन शर्मा और एनपी प्रजापति को अपना मार्गदर्शक मानेंगे।  

सोमवार सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरु की। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रीवा के देवतालाब से चार बार के बीजेपी विधायक गिरीश गौतम को विधानसभा स्पीकर बनाने का प्रस्ताव पेश किया। नरोत्तम मिश्रा ने उनका समर्थन किया। कांग्रेस ने इस पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं खड़ा किया था। लिहाजा, गिरीश गौतम निर्विरोध स्पीकर चुन लिए गए।  माना जा रहा है कि स्पीकर पद के लिए गिरीश गौतम का नाम बीजेपी संगठन की ओर से बढ़ाया गया था। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने हाल ही में गिरीश गौतम को भोपाल बुलाया था।

और पढ़ें: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, साइकिल से विधानसभा गए कांग्रेस विधायक

मध्य प्रदेश के 18वें विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम 1972 से छात्र राजनीति में सक्रिय रहे हैं। 2003 में पहली बार बीजेपी के टिकट पर जीते और विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता श्रीनिवास तिवारी को हराया था। श्रीनिवास तिवारी तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष थे। गिरीश गौतम विधानसभा की कई समितियों से सदस्य रह चुके हैं।