Ease of Doing Farming लागू करे सरकार, दिग्विजय सिंह ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने किसानों की समस्याओं को खत्म करने मध्य प्रदेश में Ease of Doing Farming लागू करने की मांग की है।

Updated: May 05, 2026, 05:27 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए “Ease of Doing Farming” लागू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कृषि क्षेत्र में प्रक्रियाओं को सरल बनाने की आवश्यकता पर बल दिया है।

दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में किसान नेता केदार सिरोही द्वारा दिए गए सुझाव का समर्थन करते हुए कहा कि जिस प्रकार “Ease of Doing Business” के माध्यम से व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है, उसी तर्ज पर कृषि क्षेत्र में भी सुधार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान आज भी बीज खरीद, ट्रांसफार्मर बदलवाने, फसल विक्रय, ऋण लेने एवं चुकाने जैसी प्रक्रियाओं में अनेक जटिलताओं और अनावश्यक बाधाओं का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि फसल बीमा क्लेम की प्रक्रिया अत्यधिक जटिल है तथा खाद की उपलब्धता में पारदर्शिता की कमी बनी हुई है, जिससे किसानों को भारी परेशानी होती है। ऐसे में “Ease of Doing Farming” लागू कर इन समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।

दिग्विजय सिंह ने सुझाव दिया कि किसानों के हित में कृषि से जुड़े सभी विभागों की व्यापक समीक्षा की जाए तथा नीति निर्माण में किसान प्रतिनिधियों और कृषि वैज्ञानिकों से परामर्श लिया जाए। इससे प्रदेश की कृषि व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया जा सकेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि किसानों की दशा और दिशा में सकारात्मक बदलाव लाने हेतु “Ease of Doing Farming” को शीघ्र लागू करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।