IAS वीरा राणा को मिला मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार, इकबाल सिंह बैंस का कार्यकाल खत्म

वीरा राणा मध्य प्रदेश शासन की दूसरी महिला मुख्य सचिव होंगी, IAS निर्मला बुच मध्य प्रदेश की पहली महिला मुख्य सचिव बनीं थीं।

Updated: Nov 29, 2023, 09:48 PM IST

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष और अपर मुख्य सचिव स्तर की अधिकारी वीरा राणा को मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की सेवावृद्धि की अवधि समाप्त हो गया है। बुधवार देर रात सामान्य प्रशासन विभाग ने बैंस के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त किए जाने संबधी आदेश भी जारी कर दिए गए।

इसी के साथ सामान्य प्रशासन विभाग ने सबसे सीनियर अधिकारी वीरा राणा को अस्थाई रूप से मुख्य सचिव नियुक्त किया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष के साथ ही उनके पास यह अतिरिक्त प्रभार होगा। 3 दिसंबर को मतगणना के बाद प्रदेश की नई सरकार द्वारा स्थाई मुख्य सचिव की नियुक्ति की जाएगी। वीरा राणा गुरुवार दोपहर (30 नवंबर को) बैंस की औपचारिक सेवानिवृति के बाद कार्यभार संभालेंगी।

यह भी पढ़ें: लहार में पोस्टल बैलेट के साथ छेड़छाड़ हुई, भिंड कलेक्टर के तत्काल हटाएं, दिग्विजय सिंह ने CEC को लिखा पत्र

वीरा राणा 1988 बैच की आईएएस अफसर हैं. वीरा राणा मूल रुप यूपी की रहने वाली हैं। वह मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष, मध्य प्रदेश राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी, खेल और युवा कल्याण विभाग की एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, प्रशासन अकादमी में महानिदेशक, कुटीर और ग्रामोद्योग विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।वीरा राणा मार्च 2024 में रिटायर हो जाएंगी।

वीरा राणा मुख्य सचिव मध्य प्रदेश शासन की दूसरी महिला मुख्य सचिव होंगी। इनसे पहले निर्मला बुच मध्य प्रदेश की पहली महिला मुख्य सचिव रह चुकी हैं। इनका कार्यकाल 22 सितंबर 1991 से एक जनवरी 1993 तक था। बता दें कि मौजूदा मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को साल 2022 में 30 नवंबर को रिटायर होना था, लेकिन इसके पहले 29 नवंबर को ही छह महीने के लिए उनका कार्यकाल बढ़ा दिया गया। 30 मई 2023 तक एक्सटेंशन मिलने के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का समय जब नजदीक आ गया तो बैंस को फिर से छह महीने के लिए नवंबर 2023 तक एक्सटेंशन दे दिया गया था।