मध्य प्रदेश के 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगा जयस, डॉ हीरालाल अलावा ने दिए थर्ड फ्रंट बनाने के संकेत

आदिवासियों के पास जाकर बिरसा मुंडा या टंट्या भील जयंती मनाकर या रानी कमलापति स्टेशन का नाम रखने से आदिवासियों का विकास नहीं होगा: हीरालाल अलावा

Updated: May 16, 2023, 12:21 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। राज्य में भाजपा और कांग्रेस के अलावा तीसरे मोर्चे की भी सुगबुगाहट तेज है। इस बार आदिवासी संगठन जयस भी इस सियासी समर में अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। जयस नेता और मनावर से कांग्रेस विधायक डॉ हीरालाल अलावा ने कहा है कि मध्य प्रदेश की 80 विधानसभा सीटों पर जयस अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

अलावा ने कहा, 'मैं कांग्रेस से विधायक हूं, लेकिन सपोर्ट जयस का है। मैं इस बार जयस की ओर से मनावर सीट से ही चुनाव लडूंगा। पिछली बार इस सीट से 40 हजार वोटों से जीते थे। इस बार 80 हजार वोटों से जीतेंगे। मनावर के लिए 10 करोड़ रुपए से अस्पताल बनवाए हैं। डिजिटल एक्सरे मशीन सहित जांच की आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई हैं। कॉलेज के लिए 5 करोड़ रुपए मंजूर करवाए हैं। इस बार भी जनता का साथ है। आगे मनावर को जिला बनाने के प्रयास किए जाएंगे।'

यह भी पढ़ें: शिवराज सरकार के खिलाफ कांग्रेस का आरोप पत्र तैयार, 396 पॉइंट्स में गड़बड़ी और घोटालों का जिक्र

अलावा ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा, 'आदिवासियों के पास जाकर बिरसा मुंडा या टंट्या भील जयंती मनाकर या रानी कमलापति स्टेशन का नाम रखने से आदिवासियों का विकास नहीं होगा। 20 सालों से सड़कों पर बेरोजगार युवक संघर्ष कर रहे हैं, ओवर एज हो गए हैं, आदिवासी जेलों में बंद पड़े हैं, आदिवासियों पर बर्बरता हो रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा को वास्तव में आदिवासियों का कुछ हित करना है तो गंभीरता दिखाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाएं।'

भीम आर्मी के साथ मिलकर तीसरे मोर्चे की गठन को लेकर अलावा ने कहा कि भीम आर्मी बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान, आदिवासियों के हक और अधिकारों को लेकर बात कर रही है। अगर भीम आर्मी भी जयस से जुड़कर मध्य प्रदेश में राजनीतिक बदलाव चाहती है तो बिल्कुल हम उनसे बात करेंगे। बता दें कि मंगलवार 16 मई को जयस 10 वर्ष पूरे होने पर अपना स्थापना दिवस मना रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से जयस से जुड़े हजारों युवा इंदौर के मल्हार गार्डन पहुंचे हैं, जहां मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।