इंदौर में कमलनाथ का रोड शो, कहा- CM शिवराज ने मध्य प्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया
कांग्रेस प्रत्याशियों की नामांकन रैली में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कहा- प्रदेश में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है जो भ्रष्टाचार का शिकार नहीं है। यदि नहीं हुआ तो वह भ्रष्टाचार का गवाह जरूर है।

इंदौर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस युद्धस्तर पाए जुटी हुई है। सोमवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने दतिया में हुंकार भरा वहीं पीसीसी चीफ कमलनाथ इंदौर में आयोजित भव्य रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने मध्य प्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया।
इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशियों की नामांकन रैली में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बरार, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, जीतू पटवारी, संजय शुक्ला और इंदौर-3 से पूर्व विधायक अश्विन जोशी समेत तमाम प्रत्याशी साथ रहे। मोती तबेला पर सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है जो भ्रष्टाचार का शिकार नहीं है। यदि नहीं हुआ तो वह भ्रष्टाचार का गवाह जरूर है। हालत यह है कि रुपए दो, काम लो। 50 एकड़ जमीन है और रुपए दोगे तो गरीबी रेखा में शामिल हो जाओगे।
कमलनाथ जी का संबोधन :
— MP Congress (@INCMP) October 30, 2023
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी ने इंदौर में विशाल जनसभा को संबोधित किया।
जनता साथ निभा रही है,
कांग्रेस सरकार आ रही है। pic.twitter.com/jdKVab0wgW
कमलनाथ ने आगे कहा, 'शिवराज सिंह चौहान 10-10 घोषणाएं करते हैं। मैं कहता हूं एक-एक लाख पदों को भरने की घोषणाएं मत करिए, केवल जो खाली पड़े पद हैं, उनको ही भर दिए।' उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को ठगराज बताते हुए कहा कि पांच महीने में घोषणा और भ्रष्टाचार की मशीन की स्पीड डबल हो गई। उन्होंने दोहराते हुए कहा कि ये मप्र के भविष्य का चुनाव है। जिस तरह प्रदेश को ठगा है, 18 साल में सबकुछ चौपट कर दिया। ये इन्वेस्टमेंट समिट में 33 लाख करोड़ के इन्वेस्टमेंट का दावा किया था। लेकिन कुछ नहीं आया।
कमलनाथ ने आगे कहा, 'मैंने मुख्यमंत्री रहते प्रदेश की नई छवि और पहचान बनाने की कोशिश की। मैंने यहां उद्योगपतियों का सम्मेलन किया। सबने यहां निवेश का आश्वासन दिया। पर हमारी सरकार ही चली गई।' उन्होंने आगे कहा, 'इंदौर के लोग दूसरों को ज्ञान देते हैं, ज्ञान सुनना नहीं चाहते, यही खूबी है। इंदौर से हमारा बहुत पुराना संबंध है। साल 1975 के बाद कई बार इंदौर आया हूं। उस समय एक नौजवान था, आज भी नौजवान हूं। आपसे एक ही बात कहना चाहेंगे, चुनाव कई आते हैं नगर निगम, नगर निकाय, जनपद, जिला पंचायत सबके अपने मायने होते हैं। 40 साल मैंने चुनाव लड़ा है, चुनाव जीता है। मैंने बहुत सारे चुनाव देखे हैं, पर ऐसा चुनाव जो 17 तारीख को है, इस चुनाव के क्या मायने हैं। ये केवल एक पार्टी और उम्मीदवार का चुनाव नही है, यह चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य का है।'