खरगोन: नर्मदा की बाढ़ में डूबा खलबुजुर्ग गांव, आपदाग्रस्त ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे सचिन यादव
खलबुजुर्ग और अन्य तटीय गांवों के लोगों से कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने कहा कि विपदा की इस घड़ी में मैं आपके साथ हूँ। सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

खरगोन। मध्य प्रदेश में भारी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। बारिश की वजह से कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। नर्मदा समेत कई नदियां उफान पर आ चुकी हैं। डैमों के गेट खोले जाने के कारण गांव के गांव जलमग्न हो गए हैं। विपदा की इस घड़ी में सरकारी मदद नहीं मिलने के कारण आपदाग्रस्त लोगों में शिवराज सरकार के खिलाफ गुस्सा भी देखने को मिल रहा है।
खरगोन जिले का खलबुजुर्ग गांव भी जलमग्न हो गया है और सैंकड़ों लोग बेघर हो गए। सरकारी मदद नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 3 मुम्बई-आगरा रोड़ पर 3 घण्टे चक्काजाम किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक सचिन यादव भी ग्रामीणों के साथ आंदोलन में शामिल हुए और अपनी ओर से उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
कसरावद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खलबुजुर्ग के ग्रामीणों बारिश और नर्मदा की बाढ़ में सबकुछ तबाह हो गया है । शासन प्रशासन की मदद नहीं मिलने पर तबाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने खलटाका में मुम्बई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन घण्टे चक्काजाम किया ।
— Sachin Subhash Yadav (@SYadavMLA) September 17, 2023
विपदा की इस घड़ी में मैं कसरावद के… pic.twitter.com/7qQrY5E9hP
दरअसल, कसरावद विधानसभा क्षेत्र के नर्मदा नदी के किनारे बसें गांवों में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश और नर्मदा की बाढ़ से भारी तबाही हुई है। बाढ़ से जलमग्न हुए गांवों कें लोग बेघर हो गये हैं।
खलबुजुर्ग गांव के ग्रामीणों ने विपदा की इस घड़ी में किसी भी प्रकार की सरकारी मदद नहीं मिलने से आक्रोशित होकर मुम्बई-आगरा मार्ग पर पुलिस चौकी और हनुमान मंदिर के बीच महिलाओं और बच्चों के साथ लगातार तीन घण्टे तक चक्काजाम किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक सचिन यादव भी खलबुजुर्ग वासियों के साथ इस आंदोलन में शामिल हुए और धरने पर भी बैठे।
खलबुजुर्गवासी राजेन्द्र सिंह चौहान और हिम्मत सिंह पटेल ने विधायक सचिन यादव को बताया कि हमारे गांव के लोग नर्मदा की बाढ़ से घिरे पड़े थे। देखते ही देखते बाढ़ में उनका सबकुछ बह गया और वे बेघरबार हो गये। ग्रामीणों ने ही एक दूसरे की मदद कर सबको जलमग्न गांव से सुरक्षित निकाला। सरकार ने उनके भोजन की भी व्यवस्था नहीं की। इसी से ग्रामीणों में रोष है। सचिन यादव ने एस.डी.एम. अग्रिम कुमार से मौके पर चर्चा कर उन्हें ग्रामीणों से रूबरू करवाया और उनकी पीड़ा बताई।
खरगोन: नर्मदा की बाढ़ में डूबा खलबुजुर्ग गांव, बेघर हुए सैंकड़ों लोग
— Humsamvet (@humsamvet) September 17, 2023
डूब प्रभावितों से मिलने पहुंचे कांग्रेस विधायक सचिन यादव, विपदा की इस घड़ी में हर संभव मदद का दिया आश्वासन, शिवराज सरकार से की मुआवजे की मांग।@SYadavMLA @MPArunYadav @digvijaya_28 @BabelePiyush pic.twitter.com/HRz0vzhlJM
सचिन यादव ने कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा और एस.डी.एम. अग्रिम कुमार से कहा कि वे नर्मदा की बाढ़ से जलमग्न गांवों और बाढ़ प्रभावित अन्य गांवों में हुई नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर ग्रामीणों को सहायता राशि उपलब्ध कराएं। तबतक इन सभी ग्रामवासियों को राहत शिविरों में रहकर उनके भोजन और पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। यादव ने यह भी कहा कि भारी बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलें भी बर्बाद हो गई है। बर्बाद हुई फसलों का सर्वे कराकर किसानों को तत्काल मुआवजा राशि दिलाई जाए।
इस संदर्भ में सचिन यादव ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, खरगोन जिले के प्रभारी व प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल और कलेक्टर खरगोन को पत्र भी लिखा है। सचिन यादव ने खलबुजुर्ग और अन्य तटीय गांवों के लोगों से कहा है कि विपदा की इस घड़ी में मैं आपके साथ हूँ। सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बाढ़ में तबाह और बर्बाद हुए ग्रामीणों को पुनः बसाया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि यादव ने शनिवार रात से ही उनके संपर्क में हैं और पानी बढ़ने के बाद सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए वाहन और भोजन और पानी की व्यवस्थाऐं कराई। यादव ने आज रविवार को भट्याण, बलगांव, खलटाका, चिचली भोईन्दा और कठोरा गांव में भी जाकर प्रभावितों से चर्चा की। ग्रामीणों ने शासकीय और प्रशासकीय मदद नहीं मिलने का आरोप लगाकर अनेक शिकायतें भी की।