नेता प्रतिपक्ष ने निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र, चीफ सेक्रेटरी इकबाल सिंह बैंस को हटाने की मांग

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को पद से हटाने की मांग की है।

Updated: Aug 19, 2023, 04:09 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब 100 दिन से भी कम समय बचा है। चुनाव को लेकर पक्ष- विपक्ष ने सियासी जोर आजमाइश तेज कर दी है। इसी बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी इकबाल सिंह बैंस को हटाने की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली को पत्र लिखकर इकबाल सिंह बैंस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं। डॉ सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को संबोधित पत्र में लिखा है कि निर्वाचन आयोग निष्पक्षता से चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन मध्य प्रदेश में मुख्य सचिव को सेवानिवृत्ति के उपरांत प्रदेश सरकार की अनुकंपा पर 6-6 माह के लिए सेवा वृद्धि की गई है।

डॉ गोविंद सिंह ने सवाल खड़े करते हुए लिखा कि क्या ऐसे ही मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के रहते मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव पूर्ण ईमानदारी और निष्पक्षता से संपन्न होगा? उन्होंने निर्वाचन आयोग को बताया कि मेरे द्वारा पूर्व में भी उनकी सेवा वृद्धि न किए जाने को लेकर पत्र लिखा गया था। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस को तत्काल पद से हटाया जाए और उनके स्थान पर अन्य किसी अधिकारी को नियमित मुख्य सचिव के पद पर नियुक्ति हेतु प्रदेश सरकार को निर्देशित किया जाए। 

बता दें कि मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को दूसरी बार 6 महीने का एक्सटेंशन मिला है। उनका कार्यकाल मई 2023 में खत्म होने वाला था। लेकिन सरकार ने उन्हें 1 जून से 30 नवंबर 2023 के लिए एक्सटेंशन दिया है। बैंस 1985 बैच के IAS अधिकारी हैं। उनका रिटायरमेंट 30 नवंबर 2022 को हुआ था। तब भी राज्य सरकार ने उन्हें 6 महीने (मई 2023) तका एक्सटेंशन दिया था। वे सीएम शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी माने जाते हैं, ऐसे में उनकी निष्पक्षता पर विपक्षी दल को संदेह है।