सबूत छिपाने के लिए महू में पुलिस ने कराया युवती का दाह संस्कार, दिग्विजय सिंह ने की हाथरस की घटना से तुलना

महू में भी वही हुआ जो यूपी के हाथरस में हुआ था। रेप करने वाला भाजपा कार्यकर्ता। सबूत छिपाने के लिए युवती के शव का दाह संस्कार कराया गया। मध्य प्रदेश में लिए लॉ एंड ऑर्डर की हालत अब इस स्तर तक गिर चुकी है

Updated: Mar 17, 2023, 04:37 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के विधानसभा क्षेत्र दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सिंह ने इस दौरान महू केस की तुलना हाथरस कांड से करते हुए कहा कि यहां भी सबूत छिपाने के लिए युवती के शव का दाह संस्कार कराया गया। सिंह ने आरोप लगाया कि युवती का रेप और हत्या करने वाला भाजपा कार्यकर्ता है।

दतिया में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, 'महू में भी वही हुआ जो यूपी के हाथरस में हुआ था। सबूत छिपाने के युवती की बॉडी का उसी तरह दाह-संस्कार कराया गया। आदिवासी युवती के साथ रेप करने वाले कौन हैं? भाजपा के कार्यकर्ता। इसलिए पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। पहले पुलिस कहती है करेंट लगने से मौत हुई। पोस्टमार्टम की मांग कर रहे लोगों पर पुलिस ने फायरिंग की जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जो वाजिब मांग कर रहे थे, न्याय की मांग कर रहे थे, उनके खिलाफ एफआईआर कर दिया। प्रदेश में लिए लॉ एंड ऑर्डर के ये हालात हैं।'

राज्यसभा सांसद ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि, '2003 से अबतक उन्हें बहनों का खयाल नहीं आया। अब चुनाव से पहले लाडली बहना लेकर आए हैं। लेकिन इतनी शर्तें रख दी की अधिकांश बहनें बाहर हो जाएंगी। शिवराज जी भाषण में कहते हैं कि सबको एक हजार रुपए देंगे। महंगाई इतना बढ़ा दिया है कि तीन से पांच हजार महीना वापस निकाल भी लेंगे। सिर्फ हवा पर टैक्स नहीं है कुछ दिन में हवा पर भी टैक्स लगेगा। भाजपा सरकार धर्म के नाम पर लोगों को लूट रही।'

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'केंद्र सरकार किसानों को 6 हजार रुपए सालाना 25 से 30 हजार रुपए निकाल लेती है। ये इनकी रणनीति है की जेब में कुछ पैसा डालो और पीछे से निकाल लो। दस साल जब हमारी सरकार थी तो हमने किसानों को मुफ्त बिजली दी। ये सत्ता में आए तो हजारों रुपए बिजली बिल वसूलने लगे। कमलनाथ जी आए तो गरीबों को 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दिया। किसानों का बिजली बिल हाफ किया गया। लेकिन एक बार फिर शिवराज जी आए बिजली बिल बढ़ गया। खाद महंगा हो गया, फर्टिलाइजर महंगा हो गया, डीजल का भाव बढ़ गया। इस तरह 6 हजार देकर 30 हजार जेब से निकाला जा रहा है।' 

सिंह ने इस दौरान विधानसभा चुनाव को लेकर बताया कि पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शुरुआत में उन्हें 66 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी है। वे 15 मई तक इन क्षेत्रों को कवर करेंगे। इसके बाद आगे की योजना तैयार करेंगे और पीसीसी चीफ के निर्देशानुसार चुनाव प्रचार अभियान में शामिल होंगे। प्रेस वार्ता के बाद दिग्विजय सिंह ने दतिया में मंडलम सेक्टर अध्यक्षों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुए। खास बात ये है कि सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में महिला नेत्रियों को मंच पर स्थान दिया। जबकि अन्य स्थानीय नेताओं को प्रथम पंक्ति में बिठाया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ सबसे अंतिम पंक्ति में बैठे दिखे।