MP Congress MLA : हमारा सम्मान कोई नहीं खरीद सकता

BJP Politics : दमोह के दो कांग्रेस विधायकों राहुल सिंह लोधी और तरवर सिंह लोधी के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें, MLA राहुल सिंह लोधी ने किया खंडन

Publish: Jul 16, 2020, 02:23 AM IST

दमोह संसदीय क्षेत्र के बड़ा मलहरा सीट से कांग्रेसी विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी के बीजेपी में शामिल होने के बाद से दमोह संसदीय क्षेत्र से दो अन्य विधायक राहुल सिंह लोधी और तरवर सिंह लोधी के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज़ हो गई थीं। कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों विधायक बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। लेकिन तमाम अटकलों पर अब दमोह विधानसभा के विधायक राहुल सिंह लोधी ने विराम लगाते हुए कहा है कि वे बीजेपी में शामिल नहीं होने जा रहे हैं। 

कांग्रेस में आत्मा बसती है 
राहुल सिंह लोधी का कहना है कि उनकी आत्मा कांग्रेस में बसती है। वह किसी भी कीमत पर बीजेपी में शामिल नहीं होने वाले हैं। राहुल लोधी ने कहा कि साल 2003 में जब तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दमोह आए थे, उसी समय उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा था और वह तब से लेकर अब तक कांग्रेस के ही साथ हैं। कांग्रेस ने ही उन्हें दमोह विधानसभा में अपना प्रत्याशी बनाया और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के गढ़ में सेंध लगाते हुए यह सीट भाजपा से छीन कर कांग्रेस के पाले में डाली थी। राहुल सिंह लोधी ने कहा है कि उनको कांग्रेस पार्टी ने विधायक बनाया है और वे हमेशा कांग्रेस के साथ ही रहेंगे।

बंडा विधायक भी कांग्रेस के साथ
राहुल सिंह लोधी ने बंडा विधायक के बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर भी कहा कि मैं और बंडा विधायक दोनों हमेशा कांग्रेस के साथ रहेंगे भाजपा में कभी नहीं जाएंगे। राहुल सिंह ने यह भी कहा कि उनका सम्मान कोई खरीद नहीं सकता।

बता दें कि दोनों ही विधायकों के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच मंगलवार को दोनों विधायक पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने उनके निवास पर पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने अपनी आस्था कांग्रेस में होने की बात कही। इसी के साथ आगामी दिनों में होने वाले उपचुनाव पर भी दोनों विधायकों के द्वारा चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि राहुल सिंह के रिश्ते में छोटे भाई बड़ा मलहरा के विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने हाल ही में भाजपा का दामन थाम लिया है।