दूध दुहने नहीं दे रही थी भैंस, फरियाद लेकर थाने पहुंचा युवक, पुलिस ने की रोचक कार्रवाई

मध्य प्रदेश के भिंड में भैंस की शिकायत लेकर थाने पहुंचा युवक, बोला- दूध दुहने नहीं दे रही है साहब मदद करो, पुलिस ने वेटनरी डॉक्टर की मदद से सुलझाई समस्या

Updated: Nov 14, 2021, 07:53 AM IST

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में पुलिस को एक अजीबोगरीब समस्या का समाधान करना पड़ा। यहां एक युवक थाने में फरियाद लेकर पहुंचा कि उसकी भैंस दूध नहीं दुहने दे रही है। फरियादी अपने साथ भैंस को लेकर थाने पहुंच गया, जिसे देख पुलिस भी हैरान हो गई। हालांकि, पुलिस ने किसी तरह इस समस्या का निपटारा किया और शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया गया कि उसकी हरसंभव मदद की जाएगी।

दरअसल, भिंड जिले के नया गांव में रहने वाला बाबूलाल जाटव की भैंस कुछ दिनों से दूध नहीं दे रही थी। इसी बात से परेशान होकर जाटव शनिवार को शिकायत लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने नयागांव थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी समस्या बताई। हालांकि, पुलिस तब उन्हें कोई मदद नहीं कर सकी। फिर क्या था बाबूलाल घर गए और इस बार भैंस को भी अपने साथ लेकर पहुंचे। 

बाबूलाल ने थाने में भैंस को बांध दिया और पुलिस अधिकारियों को कहा कि साहब ये रही भैंस आप दुहने में हमारी मदद करो। इस बार पुलिस भी समझ गई कि बाबूलाल समस्या का हल हुए बगैर वापस नहीं जाने वाले। पुलिस ने इसके बाद पशु चिकित्सक की मदद से जाटव को दूध निकालने का तरीका बताया। इसके साथ ही भैंस में होने वाली बीमारियों और उनके इलाज की भी जानकारी दी गई। तब जाकर बाबूलाल वापस घर गए।

यह भी पढ़ें: गाय के गोबर और गौमूत्र से मजबूत हो सकती है देश की अर्थव्यवस्था, MP के सीएम का दावा

बाबूलाल के मुताबिक पहले उनकी भैंस पांच लीटर दूध देती थी। लेकिन पिछले दो दिनों से यह दूध नहीं निकालने दे रही है। मामले पर डीएसपी हेडक्वार्टर अरविंद शाह ने बताया कि फरियादी मानसिक रूप से विक्षिप्त नहीं था, बल्कि वह बहुत भोलाभाला था। उसने हाल ही में भैंस खरीदी थी लेकिन दूध ना देने पर गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस से मदद मांगने की सलाह दे दी। इस वजह से वह आया था। चूँकि वह पुलिस के पास मदद की अपेक्षा से आया था तो जो भी सम्भव होगा पुलिस उसकी मदद करेगी।