MP में गणतंत्र दिवस पर भूमाफिया को किया गया सम्मानित, कांग्रेस बोली- माफियाओं को भारत रत्न दें

मध्य प्रदेश के कटनी में जिला प्रशासन ने शुरू किया कटनी गौरव अलंकरण सम्मारोह सम्मान, इस साल स्थानीय भूमाफिया को दिया गया यह सम्मान

Updated: Jan 26, 2022, 12:48 PM IST

कटनी। मध्य प्रदेश में गणतंत्र दिवस के मौके पर एक भूमाफिया को सम्मानित किया गया। कांग्रेस ने इस सम्मान समारोह को लेकर कड़ी टिप्पणी की है। विपक्षी दल ने कहा है कि प्रदेश के जितने भी माफिया है सरकार उन्हें भारत रत्न और पद्म पुरस्कारों के लिए रिकमेंड करे।

दरअसल, मध्य प्रदेश के कटनी जिले में प्रशासन ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कटनी गौरव अलंकरण समारोह सम्मान की शुरुआत की है। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कटनी गौरव का सम्मान एक प्राइवेट स्कूल संचालक मोहन दास नागवानी को दिया। कलेक्टर ने यह नहीं बताया कि इस सम्मान के लिए नागवानी को क्यों चुना गया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि टीम ने रिकमेंड किया इस आधार पर इन्हें पुरस्कृत किया गया है।

यह भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस पर CM का संदेश सुना रहे थे प्रभारी मंत्री, VIP गेट से घुसकर सांड ने मचाया उत्पात

मामले पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिथिलेश जैन ने कहा कि गणतंत्र दिवस के मौके पर भूमाफियाओं को सम्मानित करना अनुचित है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, 'प्रदेशभर में जितने भी माफिया हैं, सरकार उनके नाम भारत रत्न और पद्मश्री के लिए क्यों नहीं रिकमेंड करती?' कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि जिन लोगों ने कोरोना संकट काल में बेहतर काम किए हैं अथवा अन्य सेवा के क्षेत्र में अलख जगाई है। उन्हें कटनी गौरव का सम्मान मिलना चाहिए था।