कांग्रेस के विरोध पर पलटा आदेश MP में महिलाएं नहीं बेचेंगी शराब

कांग्रेस पार्टी के कड़े विरोध के बाद सरकार ने अपना फैसला बदलते हुए ठेकों पर महिलाओं के शराब बेचने पर रोक लगा दी है।

Publish: Jun 14, 2020, 01:20 AM IST

कांग्रेस के कड़े विरोध के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश आबकारी विभाग ने महिलाओं द्वारा शराब बेचे जाने पर रोक लगा दी है। शराब ठेकेदारों और सरकार के बीच हुई अनबन के बाद आबकारी विभाग ने शराब बेचने के लिए राज्य सरकार के अधीन महिला कर्मचारियों को भी शराब बेचने के काम में लगा दिया था। मध्य प्रदेश सरकार के इस कदम पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज किया था। सोशल मीडिया पर भी महिलाओं की शराब बिक्री करती हुई तस्वीरों वायरल होने से सरकार की काफी किरकिरी हो रही थी। जिसके बाद सरकार ने अपना फैसला बदलते हुए ठेकों पर महिलाओं के शराब बेचने पर रोक लगा दी है।

अब शराब कौन बेचेगा?

आबकारी विभाग ने शुक्रवार देर शाम महिला कर्मचारियों की तैनाती पर रोक लगा दी। अब प्रदेश में आबकारी विभाग के कर्मचारी, नगर सैनिक तथा आउटसोर्स एजेंसी से प्राप्त कर्मचारियों को ही शराब बेचने के काम में लगाया जाएगा।

सागर कलेक्टर ने भी महिलाओं के शराब बेचने पर प्रतिबंध लगाया

आबकारी विभाग के साथ साथ सागर के ज़िला अधिकारी ने भी शुक्रवार शाम को ही ज़िले में शराब के ठेकों पर महिला कर्मचारियों की तैनाती पर रोक लगा देने का निर्देश दे दिया। ज़िला अधिकारी के निर्देशानुसार आने वाले दिनों में शराब के ठेकों पर महिला कर्मचारियों की नियुक्ति पर शुक्रवार शाम को ही तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।