रामायण कॉन्फ्रेंस को लेकर भाजपा में महाभारत, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर पर भड़के विधायक अजय विश्नोई

मध्य प्रदेश के जबलपुर में संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस हो रही है। इस आयोजन में संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर के न पहुंचने से बीजेपी MLA और आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय विश्नोई भड़क गए।

Updated: Jan 06, 2023, 01:02 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जबलपुर में आयोजित वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस को लेकर बीजेपी में महाभारत शुरू हो गया है। कार्यक्रम के पहले ही दिन आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय विश्नोई संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर पर भड़क गए। उन्होंने ट्वीट कर मंत्री ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि सभी संस्कृति इंदौर और मालवा में ही उपलब्ध है।

दरअसल, संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से ही हो रहा है। बावजूद स्वयं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर कार्यक्रम में नहीं पहुंची। इसी बात पर कॉन्फ्रेंस आयोजन समिति के अध्यक्ष व भाजपा विधायक अजय विश्नोई भड़क गए।

यह भी पढ़ें: आजाद का साथ छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व डिप्टी सीएम ताराचंद, 17 बड़े नेताओं ने की घर वापसी

विश्नोई ने एक ट्वीट में लिखा, 'जबलपुर में वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस का आयोजन है। MP का संस्कृति मंत्रालय इसका सहयोगी है, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर को उद्घाटन में आना था। वह नहीं आईं। ठीक भी है... जब सभी संस्कृति इंदौर व मालवा में उपलब्ध है तो गोंडवाना व महाकौशल की संस्कृति की परवाह क्यों की जाए।' उन्होंने इस ट्वीट में सीएम शिवराज को भी टैग किया है।

बीजेपी सरकार में दो बार कैबिनेट मंत्री रहे जबलपुर के पाटन से मौजूदा विधायक अजय विश्नोई की अपनी सरकार के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती ही जा रही है। इसके पहले भी वह कई बार शिवराज सरकार की नीतियों का खुला विरोध कर चुके हैं। अब वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस के पहले ही दिन पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के ट्वीट से हड़कंप मच गया है। जबलपुर मे यह आयोजन 6,7 और 8 जनवरी तक होना है।