दोगुने उम्र के युवक से कराया नाबालिग का निकाह, काजी सहित 6 पर केस, पति पर पॉक्सो एक्ट में FIR

इंदौर के खजराना में 15 साल की नाबालिग का निकाह 32 साल के युवक से कराने का मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।

Updated: Mar 24, 2024, 01:53 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां खजराना में 15 साल की नाबालिग का निकाह 32 साल के युवक से कराया गया। बाल कल्याण समिति जिला की अध्यक्ष पल्लवी पोरवाल और सदस्य संगीता चौधरी ने बच्ची की काउसलिंग कर निकाह कराने वाले काजी, उसके पति, मां सहित 6 लोगों पर केस दर्ज कराया है। आरोपियों ने नाबालिग की उम्र पता होने के बाद भी दोगुना उम्र के युवक से शादी करवा दी थी।

खजराना पुलिस ने बाल विवाह उडनदस्ता प्रभारी महेन्द्र पाठक की शिकायत पर ये शिकायत दर्ज की है। महेन्द्र पाठक ने बताया कि लड़की धार के पास की रहने वाली है। यहां जनवरी 2024 को उम्र में 17 साल बड़े युवक से उसका निकाह कराया गया। शादी में काजी, लड़की की मां और रिश्तेदार शामिल हुए थे।

पुलिस के मुताबिक लड़की की शादी हुई तब उसकी उम्र 14 साल 9 माह ही थी। यह बात लड़की की मां और परिवार के अन्य सभी सदस्यों को पता थी। इसके बाद भी उन्होंने उसकी शादी करवा दी। शादी के बाद पति ने नाबालिग को जबरन पत्नी बनाकर रखा। उसके साथ संबंध बनाए। ऐसे में पति पर रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।