मध्यप्रदेश में हफ्ते भर पहले मानसून ने दी दस्तक, बालाघाट, बैतूल, छिंदवाड़ा में हुई मानसूनी बारिश

मध्यप्रदेश में मानसून पहुंच चुका है, पूरे प्रदेश में इसे एक्टिव होने में 20 जून तक का समय लगेगा, भोपाल और इंदौर में तीन दिनों में हो सकती है आमद

Updated: Jun 10, 2021, 01:38 PM IST

Photo courtesy: Free Press Journal
Photo courtesy: Free Press Journal

भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून पहुंच गया है। प्रदेश के तीन जिलों बैतूल, बालाघाट और छिंदवाड़ा में 10 जून को मानसून ने आमद दर्ज करा दी है। बैतूल के आमला और मुलतई में मानसून की पहली फुहारें पड़ीं। इन इलाकों में जमकर बारिश हुई। जबकि पूरे प्रदेश में मानसून के एक्टिव होने में अभी 10 दिनों का समय लगेगा। राजधानी भोपाल और इंदौर में मानसून 13-14 जून तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह 7 दिनों पहले प्रदेश में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 17 जून को प्रदेश में मानसून के आने की संभावना जताई थी। लेकिन प्रदेश में मानसून ने करीब एक सप्ताह पहले दस्तक दे दी है।

दरअसल पिछले दिनों यास और ताउते तूफान और बंगाल की खाड़ी लगातार कम दबाव के क्षेत्र का बनने की वजह से मानसून जल्दी आ गया है। यही वजह है कि मध्यप्रदेश के दक्षिण-पश्चिम भाग में मानसून पहुंच गया है। अब यह बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में एक्टिव हो चुका है। आगामी 3-4 दिनों में मानसून अन्य जिलों में भी पहुंच जाएगा।

मौसम विभाग ने प्रदेश 5 संभागों के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और कुछ जगहों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रीवा, सतना, बैतूल, हरदा, खंडवा और बुराहनपुर जिलों में भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि ग्वालियर और चंबल संभाग के साथ-साथ भोपाल, उज्जैन, सागर में बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी है।

वहीं प्रदेश के इंदौर, होशंगाबाद, सीधी खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, सिंगरौली के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की आशंका है। अब तक जून के 10 दिनों में प्रदेश में करीब 1 इंच से ज्यादा पानी बरस चुका है।

और पढ़ें: सुनार नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी में फंसे चार बच्चे, बचाव कार्य टीम ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

मौसम विभाग का कहना है कि सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में इन दिनों तक 15.7 मिमी बारिश होती रही है। मौसम विभाग ने इस  साल जुलाई और अगस्त में अच्छी बारिश की संभावना  जताई है।