दो साल में 12 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे उज्जैन, चार गुना बढ़ा दान का आंकड़ा

महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। पहले जहां रोजाना 50 हजार भक्त आते थे, अब यह संख्या 2 लाख तक पहुंच गई है। इसी के साथ मंदिर को मिलने वाला दान भी पिछले दो सालों में बढ़कर 1 अरब रुपये से अधिक हो गया है।

Updated: Jul 07, 2025, 01:45 PM IST

Photo courtesy: Aaj tak
Photo courtesy: Aaj tak

उज्जैन| मध्य प्रदेश के उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। महाकाल लोक के निर्माण के बाद रोजाना डेढ़ से दो लाख भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं, जबकि पहले यह संख्या केवल 40 से 50 हजार के बीच रहती थी। श्रद्धालुओं की इस बढ़ती संख्या ने मंदिर को मिलने वाले दान में भी जबरदस्त उछाल लाया है।

मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि महाकाल लोक खुलने के बाद श्रद्धालु न केवल भारी संख्या में उज्जैन पहुंच रहे हैं, बल्कि उदारता से दान भी दे रहे हैं। वर्ष 2019-20 में जहां मंदिर को 15 करोड़ रुपए का दान मिला था, वहीं 2023-24 में यह राशि बढ़कर लगभग 60 करोड़ रुपए हो गई। मौजूदा वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक मंदिर को 51.22 करोड़ रुपए का दान प्राप्त हो चुका है। यह आंकड़ा सिर्फ भेंट पेटियों में डाले गए दान का है, जबकि मंदिर की अन्य आय को शामिल करने पर कुल राशि एक अरब रुपए से अधिक हो जाती है।

यह भी पढे़ं: CM मोहन यादव आज लुधियाना में उद्योगपतियों से संवाद करेंगे, MP में निवेश के अवसरों को विस्तार देने की कवायद

महाकाल लोक के निर्माण के बाद न केवल दान में वृद्धि हुई, बल्कि उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में जहां 5.28 करोड़ श्रद्धालु उज्जैन आए थे, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 7.32 करोड़ पहुंच गई। यानी एक साल में 39% की वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले दो वर्षों में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए कुल 12.32 करोड़ श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे।

प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों की तुलना में महाकाल मंदिर में सबसे अधिक वृद्धि देखने को मिली है। चित्रकूट में एक करोड़, मैहर में 1.33 करोड़, अमरकंटक में 40 लाख, सलकनपुर में 26 लाख और ओंकारेश्वर में 24 लाख श्रद्धालु पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि कभी महाकाल मंदिर को सालाना 15 से 20 करोड़ रुपये तक का दान मिलता था, लेकिन अब यह आंकड़ा साल दर साल कई गुना बढ़ता जा रहा है। आने वाले श्रावण मास में श्रद्धालुओं की संख्या और दान में और अधिक वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।