शिवराज सिंह चौहान के परिवार को छोड़ कर किसी भी किसान की आय दोगुनी नही हुई: दिग्विजय सिंह

पूरे देश में मध्य प्रदेश पहला राज्य था जिसमें कि कांग्रेस की सरकार ने संविधान संशोधन के अंतर्गत चुनाव कराए, महिलाओं को आरक्षण दिया, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिया और अधिकार दिए: दिग्विजय सिंह

Updated: May 10, 2023, 05:02 PM IST

रीवा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार को एकदिवसीय दौरे पर रीवा पहुंचे। रीवा शहर में सिंह ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान झूठों के सरदार हैं। सिंह ने इस दौरान आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के परिवार को छोड़ कर किसी भी किसान की आय दुगनी नही हुई।

दिग्विजय सिंह ने कहा, "बीते दिनों पूरे देश में पंचायती राज दिवस मनाया गया और प्रधानमंत्री मोदी ने बड़ी कृपा की जो उन्होंने रीवा का चयन किया। लेकिन दुख इस बात का है कि जो पंचायत राज के चुनाव में जीत कर आए उनसे प्रधानमंत्री ने मन की बात नहीं की।
पूरे देश में मध्य प्रदेश पहला राज्य था जिसमें कि कांग्रेस की सरकार ने संविधान संशोधन के अंतर्गत चुनाव कराए, महिलाओं को आरक्षण दिया, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिया और अधिकार दिए। सबसे ज्यादा अधिकार यदि किसी राज्य में दिए गए तो वह मध्य प्रदेश में दिए गए थे।"

सिंह ने आगे कहा, "हमने पंचायतों को नियुक्तियों के अधिकार दिए, पंचायत कर्मी, शिक्षक कर्मी, गुरुजी, जन स्वास्थ्य रक्षक, गौ सेवक इन सब की नियुक्ति के अधिकार पंचायती राज को दिए गए। आज पूरे देश में जिला पंचायत, जनपद पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य भूख हड़ताल कर रहे थे, उनसे चर्चा तक नहीं की। जितने आज के पंचायत जनप्रतिनिधि हैं उनके सारे अधिकार छीन लिए गए और पूरा सरकारी तंत्र आज हावी है। मेन्यू लिस्ट लगी हुई है एक-एक काम की। आप 25 परसेंट दो और जो काम आप चाहते हो ले जाओ। आप किसी भी सरपंच से पूछ लीजिए उसको पंचायत क्षेत्र में काम कराने के लिए कितनी राशि देनी पड़ती है। ऊपर से पूरे मध्य प्रदेश में कलेक्शन होता है और वह हर महीने मुख्यमंत्री और पंचायत मंत्री के पास पहुंचता है।"

सिंह ने कहा, "हमारा पूरा समर्थन उन सारे जनपद व जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों को है जो प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। जैसे ही हमारी सरकार बनेगी हमलोग 6 महीने के अंदर इन्हें पूरे अधिकार वापस देंगे। नियुक्ति से लेकर स्थानांतरण तक के सारे अधिकार इन्हे दिए जाएंगे।" सिंह ने आगे कहा, "शिवराज सिंह जी का साहस देखिए उन्होंने इतना बड़ा झूठ बोला कि मध्यप्रदेश में किसानों की आय दुगुनी हो गई जबकि शिवराज सिंह चौहान के परिवार को छोड़ कर किसी भी किसान की आय दुगनी नही हुई। उनके गृह ग्राम जैत में रेत का खनन होता है और वे गृह ग्राम छोड़कर विदिशा में फूलों की खेती करते हैं।"

राज्यसभा सांसद ने आगे कहा, "मुख्यमंत्री ने एक और झूठ बोला कि कमलनाथ सरकार ने प्रधानमंत्री आवास का काम नही होने दिया और पैसे वापस कर दिए। जबकि ऐसा नही है जनवरी 2019 से मार्च 2019 तक 75145 घर और अप्रैल 2019 से मार्च 2020 तक 271273 घर यानि 346418 घरों का निर्माण कमलनाथ जी की सरकार ने किया, जिसमें 2494.2 करोड़ रु केंद्र सरकार ने और 1662.8 करोड़ रु कमलनाथ सरकार ने खर्च किए। इस योजना के तहत 60 प्रतिशत केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य सरकार को खर्च करना होता है। तो इस योजना में कमलनाथ सरकार ने कोई पैसा वापस नही लौटाया सीएम शिवराज ने सरासर झूठ बोला।"

उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि
रीवा के प्रधानमंत्री के इवेंट में जितने लोग आए थे उससे तीन गुना ज्यादा लोगों के नाम पर खाने का बिल निकाला गया। लाडली बहना योजना को लेकर सिंह ने कहा कि, "यह कांग्रेस की चुराई हुई योजना है। हिमाचल प्रदेश में हमने सबसे पहले ये योजना शुरू की जिसमें गरीब महिलाओं को 1500 रू आर्थिक  सहायता के रूप में दिए जाते हैं। कांग्रेस की सरकार बनते ही मध्य प्रदेश में भी पात्र महिलाओं को 1500 रू हर माह दिए जाएंगे। साथ ही घरेलू गैस की टंकी 500 रु में दी जाएगी।"