MP की जनता बदलाव के लिए तैयार, कांग्रेस सरकार पंचायती राज फिर से लागू करेगी: दिग्विजय सिंह
कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े के पक्ष में विशाल जनसभा को संबोधित करने आगर मालवा पहुंचे दिग्विजय सिंह, कहा- बदलाव से ही हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा।
![](https://www.humsamvet.com/uploads/images/2023/11/image_600x460_6552e89a9bbd7.jpg)
आगर मालवा। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान अपने शबाब पर है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेशभर में ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं। सोमवार को पूर्व सीएम आगर मालवा पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से वादा किया कि सरकार बनते ही हम पंचायती राज फिर से लागू करेंगे।
सोमवार दोपहर बैजनाथ महादेव मंदिर आगर के समीप बने हैलीपेड पर आने के बाद दिग्विजय सिंह ने बाबा बैजनाथ के दर्शन किए। इसके बाद वे कार से तनोड़िया पंहुंचे। यहां पूर्व सीएम ने कांग्रेस प्रत्याशी विपिन वानखेड़े के पक्ष में एक विशाल आमसभा को संबोधित किया। सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में जनता बदलाव चाहती है, भाजपा को हराना चाहती है। पूरे प्रदेश में माहौल बीजेपी को हराने का है। झूठे कैसे लगाए जाते थे, जेल भेज दिया जाता था और मकान गिरा दिए जाते थे। इससे लोग भयभीत थे। सरकारी अधिकारी कर्मचारी भी डरे हुए थे। जैसे ही आचार संहिता लगी लोगों का गुस्सा सामने आने लगा।
आज पड़वा के दिन दिग्विजय सिंह जी की सभा में हजारों की संख्या में जनता ने कार्यक्रम में आ कर ये स्पष्ट बता दिया है की आगर मे जनता कांग्रेस के साथ है !#INCMP #election2023 #VipinWankhede #Vote_For_Congress #AGAR pic.twitter.com/nlBunN0Jpn
— Vipin Wankhede (@VipinWankhede_) November 13, 2023
दिग्विजय सिंह ने कहा है दिवाली के दूसरे दिन इतनी बड़ी सभा मैंने अपने जीवन में कभी नहीं देखी। यह इस बात का संकेत है कि सरकार कांग्रेस पार्टी की बन रही है। उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था तो 23000 करोड़ रुपए का कर्ज प्रदेश पर था। आज 4 लाख करोड़ रुपए का कर्ज हो गया है, मगर क्या काम करवाए हैं, इसका कोई हिसाब नहीं है। अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो इसकी जांच करवाई जाएगी किसने कितनी गड़बड़ी की है घोटाला किया है सबको सबक सिखाया जाएगा।
सिंह ने आगे कहा, 'मैं आपसे यह कहना चाहता हूं कि लोकतंत्र का मतलब होता है बदलाव और बदलाव से ही हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा। सरकार कांग्रेस की बनेगी तो आप लोगों से चर्चा करेंगे और पंचायती राज फिर से लाया जाएगा। सरपंचों को जनपद अध्यक्षों को जिला परिषद अध्यक्षों को अधिकार दिया जाएगा मैं इस बात की गारंटी देता हूं, वचन पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की जवाबदारी कमलनाथ जी, दिग्विजय सिंह और हर कांग्रेस के कार्यकर्ता की है।'