कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, दिग्विजय सिंह समेत 20 कांग्रेस नेता गिरफ्तार

भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ता जवाहर चौक से राजभवन का घेराव करने जा रहे थे

Updated: Jan 23, 2021, 09:50 AM IST

Photo Courtesy : Twitter
Photo Courtesy : Twitter

भोपाल। कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन में भोपाल पुलिस ने खलल डालने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले छोड़ने शुरू कर दिए। कांग्रेस के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के खिलाफ भोपाल पुलिस ने लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का उपयोग करना शुरू कर दिया। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह और कुणाल चौधरी समेत बीस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल ले जाया गया है।  कांग्रेस ने पुलिस की इस कार्रवाई पर शिवराज सरकार की आलोचना करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।

बीजेपी बौखला गई है, प्रदेश का किसान कांग्रेस के साथ हैं : जयवर्धन सिंह 

पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने गिरफ्तारी के दौरान मीडिया को दिए अपने बयान में कहा कि बीजेपी बौखला गई है। बीजेपी को समझ में आ गया है कि प्रदेश का किसान कांग्रेस के साथ है। जब तक बीजेपी की केंद्र सरकार इन कानूनों को वापस नहीं लेगी तब तक हम संघर्ष करते रहेंगे। 
 

शिवराज का जंगलराज : कांग्रेस 

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे है अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई पर शिवराज सरकार की निंदा की है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को शिवराज का जंगलराज करार दिया है। कांग्रेस ने कहा है, शिवराज का दमनकाल,शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठी, अश्रुगैस और वाटर कैनन से हमला।शांतिपूर्ण तरीक़े से राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर शिवराज ने लाठीचार्ज, अश्रुगैस और वाटर कैनन का उपयोग कर लोकतंत्र की हत्या की है।“शिवराज का जंगलराज” 

 कई कांग्रेस कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल 

कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के खिलाफ पुलिस की इस बर्बरता में कांग्रेस कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने चोटिल कार्यकर्ताओं की तस्वीरें अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की है। जिसमें साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि किस प्रकार एक कांग्रेस कार्यकर्ता की कटी उँगलियों से खून बह रहा है।   

  

जनता शिवराज के वस्त्रहीन नृत्य को देख रही है 
मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं के ऊपर की गई इस बर्बरतापूर्ण कार्रवाई को लेकर शिवराज सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने विशेषकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा है कि जनता शिवराज के वस्त्रहीन नृत्य को देख रही है। कांग्रेस ने कहा, राजभवन घेराव के दौरान दानव बनी सरकार, —कांग्रेस कार्यकर्ता की उँगली हुई कटकर अलग; किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सरकार की बर्बरता की ये तस्वीर लोकतंत्र को शर्मिंदा और शर्मसार करती है। शिवराज जी, जनता आपके अहंकार का वस्त्रहीन नृत्य देख रही है।'

शिवराज जी जनता का आंसू भी खतरा है, आपने तो खून बहाया है 

कांग्रेस नेताओं के खिलाफ यह रवैया अपनाने को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस राज्य सरकार और विशेषकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर एक के बाद एक हमले बोल रही है। कांग्रेस ने कहा है कि जनता का आंसू भी खतरा होता है लेकिन शिवराज जी आपने तो खून बहाया है। कांग्रेस ने कहा है कि शिवराज का दैत्य राज,—इंसानों से दानवों जैसा व्यवहार;शिवराज की लाठी, अश्रुगैस और वाटर कैनन ने आज भोपाल की शांत सड़कों पर किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिये आंदोलन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ख़ून बहाया है।शिवराज जी,जनता का आँसू भी ख़तरा है, आपने तो ख़ून बहाया है।
 

 

हम ऐसे दमन से दबने डरने वाले नहीं हैं : कमल नाथ 

पुलिस की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ साथ किसानों, महिलाओं और मीडिया कर्मियों को भी गंभीर चोट आई हैं। पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने इस कार्रवाई की घोर निंदा करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी इस दमन के कारण डरने और दबने वाली नहीं है। कमल नाथ ने कहा है कि किसानों के समर्थन में कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। कमल नाथ ने कहा, 'किसानो के समर्थन में आज मध्यप्रदेश के भोपाल में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हज़ारों किसान भाइयों  व कांग्रेसजनो पर शिवराज सरकार के ईशारे पर किये गये बर्बर लाठीचार्ज , आंसू गैस व वाटर केनन छोड़े जाने की व गिरफ़्तारी की कड़ी निंदा करता हूँ।' 

कमल नाथ ने आगे कहा, 'इस लाठीचार्ज में कई किसान भाइयों, कांग्रेसजनो , महिलाओं व मीडिया के साथियों को चोटे आयी है।उनके स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।किसानो के समर्थन में हमारा संघर्ष जारी रहेगा, हम ऐसे दमन से डरने-दबने वाले नहीं है।

दरअसल मध्यप्रदेश कांग्रेस आज कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में राजभवन का घेराव करने वाली थी। जवाहर चौक से भारी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता राजभवन की ओर कूच कर रहे थे कि तभी भोपाल पुलिस ने कांग्रेस के इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबाने के लिए वॉटर कैनन और लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया।