शिशुपाल के अत्याचारों का घड़ा भर गया है, भगवान कृष्ण की तरह इन्हें खत्म कर दो, प्रियंका गांधी ने धार में भरी हुंकार

MP में 18 सालों में 250 से ज्यादा घोटाले हुए हैं, भाजपा सरकार ने बच्चों के पोषण आहार, मिड डे मिल, सर्व शिक्षा अभियान, स्कॉलरक्शिप, भर्ती परीक्षा और नौकरियों में घोटाला किया। ये सिर्फ भ्रष्टाचार कर रहे हैं: प्रियंका गांधी

Updated: Oct 05, 2023, 03:03 PM IST

धार। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को धार के मोहनखेड़ा में जैन तीर्थ पहुंचकर पूजा किया। मोहनखेड़ा से प्रियंका सीधा राजगढ़ पहुंचीं और विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिशुपाल के अत्याचारों का घड़ा भर गया है, भगवान कृष्ण की तरह इन्हें खत्म कर दो।

प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'कटाई का मौसम है और आप हमारी बात सुनने आए हैं इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। आज गोंडवाना की महारानी दुर्गावती की जयंती है उन्हें मेरा नमन।जय जोहार साथियों। यहीं पास में भगवान कृष्ण ने माता रुकमणी के साथ लीला रचाई थी। ये महाराजा भोज की धरती है जिन्होंने हमारे स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का बलिदान दिया। यहीं राष्ट्र नायक टंट्या मामा ने आजादी के लिए बलिदान दिया। ये आंबेडकर की धरती है। मैं यहां आ रही थी तो नौजवानों से मिली और उनसे पूछा कि मध्य प्रदेश का भविष्य क्या है? वे कहने लगे की राजा जा रहा है। उन्होंने कहा की इस बार हमारा वोट रोजगार के लिए जाएगा। 

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, 'मध्य प्रदेश में 18 सालों में 250 से ज्यादा घोटाले हुए हैं। बच्चों के पोषण आहार में घोटाला हुआ ,मिड डे मिल में घोटाला हुआ, एडमिशन, सर्व शिक्षा अभियान और स्कॉलरक्शिप में घोटाला हुआ। भर्ती परीक्षा में घोटाला हुआ, नौकरियों में घोटाला हुआ। ये सिर्फ भ्रष्टाचार कर रहे हैं। व्यापम घोटाले में 50 से ज्यादा मौत हुई। इन्होंने जांच तक नहीं कराई। जहां महाकाल की मूर्तियों के साथ भ्रष्टाचार हो सकता है, कोई भगवान के साथ घोटाला करने की हिमाकत करता है तो क्या समय नहीं आया इन्हें बदलने का।'

प्रियंका गांधी ने कहा, 'प्रदेश में पिछले 18 वर्षों में 17 हजार नौजवानों ने आत्महत्या की है। आप अपनी सच्चाई देखिए। आज इतनी महंगाई है मैं जानती हूं बहनों पर क्या गुजर रहा है। आप जब त्योहार में दुकान जाते हैं बहुत कुछ खरीदना चाहती हैं। लेकिन आप आधी चीजें खरीदती हैं और आधा छोड़ देती हैं। मैं जानती हूं कि आप कम खाकर गुजारा करती हैं। लेकिन आपको कहा जाता है कि राशन मुफ्त कर दिया। यहां राशन मुफ्त कर दिया और उधर सिलेंडर 425 से बढ़ाकर 1125 का कर दिया।'

प्रियंका गांधी ने कहा, 'मेरी दादी बड़ी हस्ती थीं। आपका भरोसा उन पर इसलिए था, क्योंकि उन्होंने दिन - रात आपके लिए काम किया। उनसे एक भावनात्मक रिश्ता था। वे आपकी कहानियां, संस्कृति के बारे में हमें बताती थीं। नेता और जनता के बीच रिश्ते को नेता निष्ठा से सींचे तो ये मजबूत बनता है। जैसा इंदिरा जी का आपके साथ था। आजकल परिस्थितियां बदल चुकी है, नेता चुनाव में आकर आपके सामने भाषण देते हैं। भाइयों बहनों भाषण खूब हुआ अब समय आ गया है कि आप अपने भविष्य के लिए वोट करें। इस देश को एकजुट रखने वाली और विकास करने वाली एक ही पार्टी है कांग्रेस पार्टी।'

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय द्वारा "देश की आंधी प्रियंका गांधी" के नारे लगाए जाने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि नौजवान इस देश की आंधी हैं। आप इतना संघर्ष करते हैं, आपके माता-पिता खेती करते हैं आपको पढ़ाते हैं, लेकिन आप परीक्षा देने जाते हैं तो ये घोटाला कर देते हैं। नौजवानों के दस दस साल गुजर गए, लेकिन नौकरियां नहीं मिली।इनका अहंकार बहुत बढ़ गया है। आप सोचिए आपकी संपत्ति जो देश की पीएसयू है उन्हें भी अपने दोस्तों को बेच रहे हैं। कर्मचारियों को पुराना पेंशन नहीं मिल रहा है। मोदी जी यहां आते हैं और भाषण में 50 बार कांग्रेस का नाम लेते हैं। मैं उनसे छोटी हूं और उनसे कम अनुभव है। लेकिन उन्हें एक सलाह देती हूं की जितनी बार कांग्रेस का नाम लेते हैं, उतनी बार विकास का नाम ले लीजिए। बताइए मध्य प्रदेश के लिए आपने क्या किया है। इनमें हिम्मत नहीं है कि विकास की बात कर सकें।