कक्षा 8वीं तक 500, 9वीं-10वीं में 1000 और 11वीं-12वीं में 1500 रूपए प्रतिमाह, स्कूली स्टूडेंट्स के लिए कांग्रेस का बड़ा ऐलान

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पढ़ो और पढ़ाओ योजना लागू करने का किया ऐलान, कक्षा एक से आठ तक बच्चों को प्रतिमाह पांच सौ रुपए दिए जाएंगे, नौंवी और दसवीं में एक हजार रुपए दिए जाएंगे और 11वीं और 12वीं कक्षा में हर छात्र को पंद्रह सौ रुपए हर महीने मिलेंगे।

Updated: Oct 12, 2023, 04:32 PM IST

मंडला। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के मंडला जिले के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने गोंड राजाओं की नगरी रामनगर में आम सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्कूली शिक्षा को संवारने के लिए पढ़ो और पढ़ाओ योजना लागू करने का ऐलान किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को प्रतिमाह पांच सौ रुपए दिए जाएंगे, नौंवी और दसवीं के बच्चों को एक हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे, 11वीं और 12वीं कक्षा में हर छात्र को पंद्रह सौ रुपए हर महीने दिए जाएंगे। स्कूली शिक्षा संवारने की दिशा में कांग्रेस का ये बड़ा ऐलान है। कांग्रेस महासचिव ने इस दौरान पीएम आवास के तहत शहर के बराबर धनराशि गांव में देने का भी ऐलान किया।

प्रियंका गांधी ने रामनगर में अपने भाषण की शुरुआत हर-हर नर्मदे और बड़ा देव की जय बोलकर की। उन्होएं कहा, 'ये महाकौशल की भूमि है। आदिवासी संस्कृति का आंगन है। आदिवासी वीर पुरुषों और वीरांगनाओं को याद किया। कहा- मेरी दादी कहती थी कि आदिवासी संस्कृति में प्रकृति की सेवा और पूजा करना सिखाया जाता है। ऐसा मेरी दादी कहती थीं। जब हम चुनाव के समय आते हैं बड़े बड़े वादा कर जाते हैं तो अपनी पगड़ी आपके सामने रखकर जाते हैं। हम जो बातें आपके सामने कर रहे हैं, वो काम नहीं करेंगे तो हमारा सम्मान जाएगा। इंदिरा जी मेरी दादी थीं, आपने उन्हें इंदिरा माता कहा। बुजुर्गों को उनके बारे में याद भी होगा। मैं उनकी पोती हूं। आपको इंदिराजी में भरोसा था, क्योंकि उन्होंने काम करके दिखाया। मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी है कि आपने मेरी दादी को माता जी माना तो मैं जो कहूं वो सच बात हो और आपके लिए ही बात हो। जो काम इंदिरा ने किया था उसको आगे बढ़ाने वाली बात हो।'

प्रियंका गांधी ने कहा, 'कांग्रेस सरकार ने आपको वनाधिकार कानून के तहत जल जंगल जमीन का अधिकार दिया, कांग्रेस मनरेगा लेकर आई और आपको आपके गांव में ही रोजगार दिया। मनरेगा आपको मजबूत बनाने के लिए लाया गया ताकि आपको पलायन न करना पड़े। कांग्रेस सरकार ने भोजन का अधिकार दिया। ये कांग्रेस की सोच थी। जितने भी अधिकार आपको कांग्रेस ने दिए भाजपा सरकार द्वारा एक-एक कर उसे छीना जा रहा है। आज सरपंचों के अधिकार छीन लिए गए, आपके जमीन के पट्टे छीन लिए, वन का अधिकार खत्म कर दिया, आपको फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।' 

उन्होंने आगे कहा, 'देश में सबसे ज्यादा बच्चियां मध्य प्रदेश में गायब हो रही हैं। डेढ़ लाख महिलाएं और बच्चियां गायब हो गईं। हर रोज 17 बलात्कार हो रहे हैं। आदिवासियों पर जो अत्याचार बरसाए जा रहे हैं उनका कोई मुकाबला नहीं है। आपको रोजगार नहीं मिल रहे हैं। ये देखकर दुख होता है कि शहीदों की धरती पर रोजगार नहीं है, लोग पलायन कर रहे हैं। भाजपा की सरकार के लोग लूट में व्यस्त रहे हैं। धर्म और जाति की बात होती है, जिसमें आपके जज्बात जुड़े होते हैं। सबसे जरूरी बात ये है कि महंगाई कैसे कम होगी? रोजगार कैसे मिलेगा? आपकी संस्कृति को कैसे बचाया जाएगा। यहां तेंदूपत्ता के बहुत मजदूर हैं आप जानते हैं कि कितना शोषण हो रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहक दिन भर मेहनत करते हैं लेकिन उन्हें सही दाम नही मिल रहा। तेंदूपत्ता बोनस में भी उन्होंने भ्रष्टाचार किया है।'

प्रियंका गांधी ने कहा कि, ' तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस देने का काम इंदिरा जी ने शुरू किया था। वह यहां आईं और देखा की महिलाएं इतनी मेहनत करती हैं तो उन्होंने बोनस देने का प्रावधान किया। वे आपको जूते दे रहे हैं, बोनस नहीं दे रहे। उसमें कमीशन होगा। क्या जूता-चप्पल, छाते से आपका सम्मान जुड़ा है? क्या आपका सम्मान मेहनत से नहीं जुड़ा है? कांग्रेस की सोच है आपकी मेहनत आपका सम्मान है। दूसरी ओर भाजपा की सोच है कि जहां मौका मिला पैसे लूट लिए, काम नहीं किया। चुनाव का समय आया तो जो काम 18 साल में नहीं किए वो 18 दिन में करने लगते हैं। जब आप सत्ता में हैं और थे तो पहले क्यों नहीं किया ये। आपको आपके सम्मान की कमाई मिलनी चाहिए। थोक में खरीदते हैं, आपको एक जोड़ी चप्पल पकड़ा देते हैं और सोचते हैं ये पाकर आप चुप हो जाएंगे और बोनस नहीं मांगेंगे। आपको बोनस मिलना चाहिए। तेंदूपत्ता का सही दाम मिलना चाहिए।'

प्रियंका गांधी ने कहा, 'छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। मैं बस्तर गई थी। वहां आदिवासी रहते हैं। वहां आज तेंदूपत्ता के लिए प्रति बोरा 4000 रुपए मिलते हैं। आदिवासी क्षेत्र को वहां ब्रांड बना दिया है। कोदो, कुटकी, रागी, ज्वार से ऐसी चीजें बनाई जो दिल्ली में बिक रही हैं। अंग्रेजी स्कूल खोले हैं। जो काम कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ में किया वहां स्वयं सेवा समूह का गोठान हैं, वे एक लाख से छह लाख रुपए तक कमा रही हैं। हम यहां भी गोठान बनाएंगे। छत्तीसगढ़ में 67 वनोपज को समर्थन मूल्य पर खरीदा जाता है। आप सही पार्टी को वोट देते हैं तो देखिए कितनी तरक्की आपके जीवन में आ सकती है। आपमें हुनर है। इसे दुनियाभर को दिखाने का काम कांग्रेस सरकार कर रही है। यहां भी सरकार आएगी तो तेंदूपत्ता के लिए 4000 रुपए दिए जाएंगे। सीजी की तरह पेसा कानून लागू होगा।'

उन्होंने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'प्रदेश में 225 महीने की सरकार में 250 घोटाले हुए।
बच्चों के पोषण में आहार में घोटाला, मिड डे मिल, स्कॉलरशिप, भर्ती परीक्षा में घोटाला। व्यापम का घोटाला हुआ किसी ने जांच नहीं कराई। नर्मदा में घोटाला, महाकाल लोक में घोटाला, मंदिर में मूर्तियां लगाई है उसमें भी घोटाला। ऐसे में बेचारा नौजवान करे क्या? फीस भरकर तैयारी करता है, परीक्षा देता है फिर क्या होता है। उसमें घोटाला हो जाता है। पास हो जाता है, लेकिन नियुक्ति नहीं होती क्योंकि घोटाला हो जाता है। ऐसे में आगे कैसे बढ़ पाओगे आप। व्यापमं घोटाले में कितने लोग मर गए और जांच तक नहीं हुई। आप देखिए सभी विभागों में पद खाली हैं लेकिन भर्तियां नहीं हो रही है। आप थक गए हो कि नहीं घोटालों से? क्या आप नहीं सोचते की सरकार बदलने का समय आ गया है। ऐसी सरकार लाने का समय जो आपके काम करे।'

प्रियंका गांधी ने इस दौरान ऐलान करते हुए कहा कि, 'हम प्रदेश में सरकार आते ही किसानों का कर्ज माफ करेंगे, 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देंगे, 200 यूनिट बिजली का बिल हाफ करेंगे, पुराना पेंशन लागू होगा, जहां कांग्रेस सरकार में है वहां OPS लागू है। गैस सिलेंडर आपको 500 में मिलेगा। महिलाओं को 1500 रुपए खाते में दिए जाएंगे। ओबीसी आरक्षण 27 फीसदी किया जाएगा। प्रदेश में जातिगत जनगणना मध्य प्रदेश में करेंगे। बैकलॉग पदों को तत्काल भरा जाएगा। पीएम आवास में शहर में और देहात में अलग-अलग धनराशि मिलती है, गांव में पैसे कम मिलते हैं। हमने तय किया है कि पीएम आवास के तहत जितना शहर में जितना मिलता है उतना गांव में भी दिया जाएगा।' 

उन्होंने आगे कहा, 'एक और घोषणा है, पढ़ो और पढ़ाओ योजना। इसके तहत बच्चों की शिक्षा पहली से 12वीं तक निशुल्क होगी। साथ ही कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को पांच सौ रुपए, नौवीं से दस तक के बच्चों को एक हजार रुपए दिए जाएंगे और ग्यारहवीं से बारहवीं तक ये हर महीने पंद्रह सौ रुपए मिलेंगे।'