गरबा के बाद अब साध्वी ने खेली कबड्डी, लोगों ने कहा, क्या टूट चुकी है न्याय व्यवस्था की रीढ़ की हड्डी
साध्वी प्रज्ञा को भोपाल में महिला खिलाड़ियों के साथ कबड्डी खेलते हुए पाया गया था, इससे पहले साध्वी प्रज्ञा को गरबा खेलते हुए भी देखा गया था

भोपाल। नवरात्र के त्योहार के बीच बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर नए नए अवतार में नजर आ रही हैं। अमूमून व्हील चेयर के सहारे एक जगह से दूसरी जगह जाने वाली बीजेपी नेता कभी गरबा तो कभी कबड्डी खेलती हुई दिखाई दे रही हैं। राज़ की बात यह है कि कबड्डी और गरबा खेलने के लिए उन्हें किसी भी तरह के व्हील चेयर की जरूरत नहीं पड़ रही है।
बुधवार शाम को राजधानी भोपाल में स्थानीय सांसद साध्वी प्रज्ञा को कबड्डी खेलते हुए देखा गया। बीती शाम साध्वी प्रज्ञा शक्ति नगर में मां काली के दर्शन करने पहुंची थीं। लेकिन माता के दर्शन और पूजा अर्चना के तुरंत बाद ही साध्वी वहां मौजूद खिलाड़ियों के साथ कबड्डी खेलने लगीं।
साध्वी प्रज्ञा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। साध्वी के वीडियो पर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने साध्वी का वीडियो साझा करते हुए बीजेपी नेता पर तंज कसा है कि आखिर एनआईए में उनकी अगली पेशी कब है?
वहीं सोशल मीडिया यूजर्स भी साध्वी के इस वीडियो पर टिप्पणी कर रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि इस वक्त साध्वी प्रज्ञा व्हीलचेयर पर नहीं है। बल्कि इस देश की न्याय व्यवस्था व्हीलचेयर पर है। जो कि साध्वी जैसे लोगों को व्हीलचेयर से उठते ही गिरफ्तार नहीं कर पाती। तो वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि अब तक तो यही पता था कि साध्वी प्रज्ञा की रीढ़ की हड्डी टूटी हुई है, लेकिन जिस तरह से न्याय व्यवस्था को बेवकूफ बनाकर कभी गरबा तो कभी कबड्डी खेली जा रही है, उससे यह लगता है कि न्याय व्यवस्था के खुद की रीढ़ की हड्डी टूट चुकी है।
इनकी NIA कोर्ट में अगली 'पेशी' कब है? pic.twitter.com/PddYsXzGP3
— Srinivas BV (@srinivasiyc) October 13, 2021
यह भी पढ़ें: गरबा की धुन पर थिरकने वालीं साध्वी पर कांग्रेस का तंज, जनता के मुसीबत में पड़ते ही हो जाती हैं बीमार
ऐसा पहली बार नहीं है जब साध्वी पर अपनी बीमारी के बारे में झूठ फैलाने के आरोप लगे हों। मंगलवार को ही साध्वी प्रज्ञा को गरबा खेलते हुए देखा गया था। इसके साथ ही साध्वी प्रज्ञा भोपाल में ही बास्केटबॉल खेलती हुई पाई जा चुकी हैं।