मध्यप्रदेश में 4 दिन तक कड़ाके की ठंड, 28 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

मध्यप्रदेश में अगले चार दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। शुक्रवार को भोपाल, जबलपुर समेत 28 जिलों में शीतलहर चलेगी, जिससे दिन और रात दोनों बेहद ठंडे रहेंगे।

Updated: Dec 13, 2024, 10:07 AM IST

भोपाल| मध्यप्रदेश में अगले चार दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। शुक्रवार को भोपाल, जबलपुर समेत 28 जिलों में शीतलहर चलेगी, जिससे दिन और रात दोनों बेहद ठंडे रहेंगे। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही हैं। हालांकि, इंदौर और उज्जैन में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

ठंड के चलते भोपाल, इंदौर सहित कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है और अब ये सुबह 9 बजे से शुरू हो रहे हैं। वन्य जीवों को ठंड से बचाने के लिए चिड़ियाघरों में हीटर लगाए गए हैं, वहीं मंदिरों में भगवान को ठंड से बचाने के उपाय किए जा रहे हैं।

इस बार दिसंबर के पहले पखवाड़े में ही ठंड ने पिछले वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भोपाल और इंदौर की रातें पिछले दो सालों में सबसे ठंडी रही हैं। नवंबर में भी ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए सामान्य से 7 डिग्री तक पारा गिराया था।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में बर्फबारी और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण सर्द हवाएं प्रदेश में आ रही हैं, जिससे ठंड बढ़ रही है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री, इंदौर में 8.6 डिग्री, ग्वालियर में 6 डिग्री और जबलपुर में 6.5 डिग्री दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें: शतरंज के नए वर्ल्ड चैंपियन हुए 18 साल के गुकेश, सबसे कम उम्र में जीता खिताब

प्रदेश के 28 जिलों में गुरुवार को शीतलहर का असर देखा गया, जिसमें भोपाल, जबलपुर, रायसेन, सीहोर, मंदसौर, रतलाम, उमरिया, शहडोल, सतना, रीवा, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जैसे जिले शामिल हैं। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।