MP में खत्म होगा शिवराज का राज, ओपिनियन पोल में कांग्रेस की प्रचंड वापसी के संकेत
मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले ओपिनियन पोल ने उड़ाई भाजपा नेताओं की नींद, स्मॉल बॉक्स इंडिया के मुताबिक प्रदेश में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस की सरकार

भोपाल। मध्य प्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है, एक तरफ बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए पूरा जोर लगाती नजर आ रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता वापसी की तैयारियों में जुटी है। इसी बीच एक ओपिनियन पोल ने भाजपा नेताओं की नींद उड़ा दी है। दरअसल, पोल के नतीजों में सामने आया है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
देशभर के राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावों पर बारीक नजर रखने वाले स्मॉल बॉक्स इंडिया ने यह ओपिनियन पोल जारी किया है। इसमें बताया गया है कि 230 सीट वाले विधानसभा में कांग्रेस को 118 से 135 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीजेपी 106 से 115 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। सर्वे में प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी को दो से तीन सीट मिलने की बात कही गई है। वहीं अन्य के खाते में पांच से छह सीटें बताई गई हैं।
Its Our Second Small Box India Opinion poll of Madhya Pradesh assembly 2023 ( Total 230 seats )
— Small Box India (@SmallBoxIndia) February 9, 2023
Congress - 118 -135 seats
BJP - 106 - 115 seats
BSP - 2-3 seats
Others - 5-6 seats
(Note :Till 29 Jan 2023 )
बता दें कि ‘स्मॉल बाॅक्स इंडिया’ का हिमाचल प्रदेश समेत गुजरात और एमसीडी चुनाव में ओपिनियन सही साबित हुआ था। स्माल बाॅक्स ने बताया था कि हिमाचल में कांग्रेस, गुजरात में भाजपा और एमसीडी में आप की जीत होगी। हिमाचल प्रदेश के लिए स्मॉल बाॅक्स ने अपने ओपिनियन पोल में 39 सीटों पर कांग्रेस और 26 सीटों पर भाजपा की जीत बताई थी। नतीजे कमोबेश ऐसे ही आए थे और हिमाचल में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई है। भाजपा को 25 सीटों पर ही जीत मिली थी।
हालांकि, प्रदेश कांग्रेस को इससे भी ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पीसीसी चीफ कमलनाथ ने चार अलग-अलग एजेंसियों से पर सर्वे कराए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 160 से 174 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस के सीनियर विधायक पीसी शर्मा ने भी इसी रिपोर्ट के आधार पर बीते दिनों दावा किया था कि कांग्रेस 174 सीटें जीतेगी।
इससे पहले नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वयं राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आ रही है। राहुल गांधी ने कहा था, "मैं आपको एक बात लिखकर देता हूं कि कांग्रेस मध्यप्रदेश के चुनाव को जीतेगी। भाजपा वहां दिखाई नहीं देगी। मध्यप्रदेश में तूफान आया हुआ है।" तमाम ओपिनियन पोल्स भी इसी बात के संकेत दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: BJP के लिए गले की फांस बनी विकास यात्रा, कथित विकास की खुली पोल तो इधर उधर भागने लगे भाजपा नेता
इतना ही नहीं खुद बीजेपी द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में भी इसी तरह के नतीजे सामने आए हैं। न्यूज 18 में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, "प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने आगामी चुनाव को देखते हुए अलग-अलग सर्वे कराए हैं। इनमें अधिकांश के नतीजे मिलते जुलते आए हैं। इस सर्वे में 50 से अधिक मौजूदा विधायकों की स्थिति खराब बताई जा रही है। वहीं करीब एक दर्जन से अधिक मंत्रियों में आधे से ज्यादा सिंधिया समर्थक मंत्रियों की स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है।" भाजपा द्वारा कराए गए अंतरिक सर्वे की ये रिपोर्ट हाल ही में मीडिया में लीक हुई थी।