देश में 24 घंटे में मिले कोरोना के 47 हजार नए केस, एक्टिव केस साढ़े 3 लाख के करीब

पिछले पांच दिनों में देशभर में 2 लाख से ज्यादा लोग कोविड-19 से संक्रमित हुए हैं, अकेले महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 30 हजार 535 संक्रमित मरीज मिले

Updated: Mar 22, 2021, 06:41 AM IST

Photo Courtesy: India TV
Photo Courtesy: India TV

नई दिल्ली। देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को देशभर में कोरोना संक्रमण के 47,005 नए मामले दर्ज किए गए हैं। 24 घंटे में संक्रमित लोगों की संख्या में यह इजाफा 11 नवंबर 2020 के बाद से पहली बार देखने को मिला है। बीते 24 घंटे में कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ ही एक्टिव मामलों की संख्या भी साढ़े तीन लाख के करीब पहुंच गई है।

कोरोना के आंकड़ों पर नजर रखने वाली वेबसाइट covid19india.org के मुताबिक बीते 24 घंटे में 47,009 संक्रमित मरीज मिले। करीब 21,206 मरीज ठीक हो गए, जबकि 213 लोगों ने संक्रमण की वजह से अपनी जानें गंवाई। इस तरह एक दिन में ही एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 28,653 बढ़ गई। रविवार की रात तक देशभर में कोरोना के कुल एक्टिव केस की संख्या 345,122 तक पहुंच चुकी थी।

पिछले पांच दिनों से देश में कोरोना ने कोहराम मचा रखा है। पांच दिनों में दो लाख से ज्यादा संक्रमित मरीज सामने आए हैं। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में ही महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 30 हजार 535 संक्रमित मरीज मिले हैं। पिछले साल शुरू हुए कोरोना के कहर के बाद से राज्य में अबतक का एक दिन का यह सर्वाधिक आंकड़ा है। 

रविवार को कोरोना से 213 लोगों की मौत के बाद इस महामारी की चपेट में आकर जान गंवाने वालों की संख्या 1 लाख 59 हजार 755 तक पहुंच गई। कोरोना को देखते हुए राज्य सरकारों ने सख्त फैसला लेना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी को अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की है। 

मध्य प्रदेश की बात करें तो रविवार को 1,322 नए लोग कोरोना संक्रमित मिले वहीं 663 मरीज ठीक हुए। इस दौरान 3 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2 लाख 75 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 63 हजार ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,906 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में करीब 8 हजार संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में अब तक 1 करोड़ 16 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 11 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 60 के करीब लोगों ने जान गंवाई है।