Coronavirus India : 24 घंटों में रिकॉर्ड 32,695 पॉज़िटिव

Covid 19 : भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में तीसरे स्थान पर, भारत में रिकवरी रेट 63.24 प्रतिशत

Publish: Jul 16, 2020, 11:47 PM IST

नई दिल्ली। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 32 हजार 695 नए मरीज मिले हैं वहीं 606 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार (16 जुलाई) सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 9 लाख 68 हजार 876 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 24,915 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 3,31,146 है। राहत की बात ये है कि देशभर में अबतक कुल 6,12,815 मरीज इस महामारी से जंग जीतकर पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए हैं।

इंडियन कॉउन्सिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के मुताबिक 15 जुलाई तक देशभर में कुल 1 करोड़ 27 लाख 39 हजार 490 सैंपल की जांच हुई है। वहीं पिछले 24 घंटों में 3,26,826 सैंपल जांचें गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के डाटा के अनुसार पिछले 24 घंटे में 606 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी ने भारत में अबतक कुल 24,915 लोगों की जान ली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक भारत में रिकवरी रेट बढ़कर 63.24 प्रतिशत हो गयी है। वहीं रिकवरी और डेथ का अनुपात देखें तो यह 96.09% : 3.91% है।

दुनियाभर में इस महामारी से अबतक लगभग 1 करोड़ 37 लाख लोग संक्रमित हुए हैं जिनमें 5 लाख 86 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में तीसरे स्थान पर स्थिर है। भारत ने रूस, ब्रिटेन, स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 36 लाख 16 हजार से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें तकरीबन एक लाख 40 हजार लोगों की मृत्यु हो चुकी है। अमेरिका के बाद ब्राजील का नंबर आता है जहां संक्रमितों का संख्या 19 लाख 70 हजार से ज्यादा है वहीं 75 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।